Hardoi : युवक की मौत का मामला, सीसीटीवी फुटेज और जांच के बाद पुलिस ने हत्या की खबरों को बताया झूठा

घटना की रात भी वह अत्यधिक नशे की हालत में हरदोई-सवायजपुर रोड पर घूम रहा था। रात में गश्त कर रही कोबरा मोबाइल पुलिस टीम और कस्बे के कई स्थानीय लोगों ने भी उसे नशे में लड़खड़ाते हुए देखा था और पुलिस ने उसे घर जाने की हिदायत भी दी थी।

By INA News Desk
Jun 25, 2026 - 22:58
33 Views
Hardoi : युवक की मौत का मामला, सीसीटीवी फुटेज और जांच के बाद पुलिस ने हत्या की खबरों को बताया झूठा
Hardoi : युवक की मौत का मामला, सीसीटीवी फुटेज और जांच के बाद पुलिस ने हत्या की खबरों को बताया झूठा

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में लोनार थाना क्षेत्र के बावन कस्बे से सोशल मीडिया पर एक युवक की हत्या को लेकर फैलाई जा रही खबरें पूरी तरह से असत्य और निराधार पाई गई हैं। पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ है कि युवक की मौत नशे की हालत में छत से गिरने के कारण हुई है। मृतक के परिजनों ने भी किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया है और शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।

मामले के अनुसार, मुजाहिदपुर गांव का रहने वाला करीब 30 वर्षीय अनुज बावन कस्बे में स्थित मिश्रा इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर काम करता था और रात के समय वहीं सोकर रखवाली भी करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि वह शराब पीने का आदी था। घटना की रात भी वह अत्यधिक नशे की हालत में हरदोई-सवायजपुर रोड पर घूम रहा था। रात में गश्त कर रही कोबरा मोबाइल पुलिस टीम और कस्बे के कई स्थानीय लोगों ने भी उसे नशे में लड़खड़ाते हुए देखा था और पुलिस ने उसे घर जाने की हिदायत भी दी थी।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर देखा गया कि अनुज बनियान पहने हुए अकेले ही लड़खड़ाते हुए दुकान की सीढ़ियों से छत पर गया। छत के जिस हिस्से से वह नीचे गिरा, वहां बीच में कोई टीन या छप्पर नहीं था। इससे साफ हुआ कि बेहद नशे में होने के कारण वह संतुलन खो बैठा और करीब 15 फीट की ऊंचाई से सीधे मुंह के बल जमीन पर गिर गया, जिससे आई गंभीर चोटों की वजह से उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता कालिका ने भी स्वीकार किया कि उनका बेटा नशे का आदी था। इस मामले में परिवार ने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई न करने की बात कही है। हरपालपुर के क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर चल रही हत्या की अफवाहें पूरी तरह गलत हैं और मामले में जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Also Read : Sambhal : कसेरुआ मस्जिद ध्वस्तीकरण पर गरजे दानिश अली- ‘कानून को बुलडोजर से कुचल रही बीजेपी सरकार

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow