Hardoi News Today: विकास योजनाओं में लापरवाही पर सीडीओ सख्त, तीन बीडीओ को नोटिस के निर्देश
मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास योजना और एनआरएलएम की हुई समीक्षा, खराब प्रगति पर तीन बीडीओ को नोटिस
हरदोई। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में वीबी-जी रामजी, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित विभिन्न विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खण्ड विकास अधिकारियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक से पूर्व मुख्य विकास अधिकारी ने फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन, अपूर्ण कार्यों, जीआईएस मॉनिटरिंग एवं एनएमएमएस की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही एग्री-पॉन्ड, पोषण शेड, आंगनबाड़ी केन्द्र, अन्नपूर्णा भवन, खेल मैदान, ड्रेन कवर, सोक पिट, तालाब निर्माण एवं जीर्णोद्धार तथा अमृत सरोवर समेत अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
14,871 आवासों के लक्ष्य पर पात्र लाभार्थियों का चयन जल्द कराने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को मिले 14,871 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष आवास प्लस पर उपलब्ध पात्र लाभार्थियों का चयन कर प्रस्ताव शीघ्र जिला स्तर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों के खातों में आवास निर्माण की धनराशि समय से उपलब्ध कराना है।
वहीं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 2,338 आवासों के लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को प्रथम किश्त की धनराशि जारी करने के निर्देश दिए गए।
स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान राशन कार्ड धारकों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, ग्राम संगठनों एवं स्वयं सहायता समूहों को स्टार्टअप की धनराशि उपलब्ध कराने तथा रिवॉल्विंग फण्ड, सीआईएफ एवं सीसीएल की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
तीन बीडीओ को कारण बताओ नोटिस के निर्देश
समीक्षा के दौरान हरपालपुर, सण्डीला एवं भरखनी विकास खण्डों की प्रगति सबसे खराब पाए जाने पर संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को तत्काल प्रगति में सुधार लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करते हुए विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में संस्कृति त्रिवेदी, संयुक्त मजिस्ट्रेट हरदोई, अशोक कुमार मौर्य, परियोजना निदेशक डीआरडीए, कमलेश कुमार, जिला विकास अधिकारी, संतोष सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार, निशांत राय, उपायुक्त स्वतः रोजगार सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







