हरदोई में राहगीरों से मोबाइल छीनने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर गिरफ्तार, पांच फोन बरामद

हरदोई शहर कोतवाली पुलिस ने राह चलती छात्राओं और युवतियों से मोबाइल छीनने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से छीने गए 5 मोबाइल और बाइक बरामद हुई।

By INA News Desk
Sep 13, 2026 - 23:51
4 Views
हरदोई में राहगीरों से मोबाइल छीनने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर गिरफ्तार, पांच फोन बरामद

हरदोई। नगर क्षेत्र में राहगीरों और युवतियों से मोबाइल छीनने की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह पर कोतवाली शहर पुलिस ने शिकंजा कसा है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को धर दबोचा और उनके कब्जे से विभिन्न घटनाओं में छीने गए पांच मोबाइल फोन तथा वारदातों में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है

नगर क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासिनी पीड़िता अंजलि चौहान ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सुबह के समय आजाद नगर ट्यूशन पढ़ने जा रही थीं। इसी दौरान कंपनी गार्डन गेट के समीप पीछे से आए बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया और तेजी से फरार हो गए। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था

इसी क्रम में लक्ष्मी पुरवा निवासी पीड़ित धनंजय कुमार ने भी तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री घर से बिलग्राम चुंगी की ओर जा रही थी। रास्ते में डिवाइन हॉस्पिटल के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उसके हाथ से भी मोबाइल फोन झपट लिया और भाग निकले। इस घटना पर भी संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया था

लगातार सामने आ रही छिनैती की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। सुरागरसी और साक्ष्यों के संकलन के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल अभियुक्त रीशू, ललित और रामकिशोर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तीनों आरोपी कोतवाली शहर क्षेत्र के अंतर्गत माधवगंज अम्बेडकरनगर के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए कुल पांच मोबाइल फोन और वारदात में उपयोग की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है

पूछताछ और जांच में सामने आया कि पकड़ा गया अभियुक्त ललित पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ थाना माधौगंज में पूर्व से अभियोग दर्ज है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए सभी अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है

Also Click : एडवोकेट रीना एन सिंह पहुंचीं चुनाव आयोग, सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow