Hardoi : हाईटेंशन तार टूटने से लगी आग, किसानों की गेहूं की फसल जलकर राख
घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आरपी यादव अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित किसानों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया।
Report : मुकेश सिंह
संडीला (हरदोई)। संडीला क्षेत्र के ग्राम रामपुर आशू में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया, जब 11,000 वोल्ट का बिजली तार टूटकर खेतों में गिर गया। तार गिरते ही खेतों में आग लग गई, जिससे कई किसानों की खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
इस अग्निकांड में राम गौतम, किशोर गौतम, श्रीराम, अरविंद अर्कवंशी, राजकुमार यादव, कल्लू यादव, हिमांशु यादव और बिट्टू यादव सहित कई किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई बीघा फसल जल गई।
घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष आरपी यादव अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित किसानों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया। उनके साथ एसपी सिंह यादव, उपेंद्र सिंह यादव, संतोष यादव, कृष्णा गुप्ता समेत अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
आरपी यादव ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित किसानों को तत्काल राहत प्रदान करते हुए प्रति बीघा 50,000 रुपये का मुआवजा दिया जाए, ताकि उनके नुकसान की भरपाई हो सके। साथ ही उन्होंने बिजली विभाग से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की है।
What's Your Reaction?









