Hardoi : 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' अभियान के तहत सवायजपुर, पाली व बिलग्राम में स्वास्थ्य शिविरों का उद्घाटन

उद्घाटन के दौरान विधायक माधवेन्द्र सिंह रानू ने कहा कि सरकार ने महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। आयुष्मान योजना में कोई भी व्यक्ति

Sep 22, 2025 - 23:55
 0  28
Hardoi : 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' अभियान के तहत सवायजपुर, पाली व बिलग्राम में स्वास्थ्य शिविरों का उद्घाटन
'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' अभियान के तहत सवायजपुर, पाली व बिलग्राम में स्वास्थ्य शिविरों का उद्घाटन

हरदोई : 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' अभियान के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर बड़े स्वास्थ्य शिविर आयोजित हो रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को जनपद के तीन स्थानों पर बड़े स्वास्थ्य शिविरों का जनप्रतिनिधियों ने उद्घाटन किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू ने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम में विधायक आशीष सिंह आशु ने इनका शुभारंभ किया।

इन शिविरों में लाभार्थियों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें रक्तचाप, मधुमेह, टीबी, कैंसर, कुष्ठ, एनीमिया आदि की जांच शामिल थी। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श दिया और दवाइयां वितरित कीं। बिलग्राम में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया गया।

उद्घाटन के दौरान विधायक माधवेन्द्र सिंह रानू ने कहा कि सरकार ने महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। आयुष्मान योजना में कोई भी व्यक्ति पांच लाख तक का मुफ्त इलाज निजी या सरकारी अस्पताल में करा सकता है। अगर यह राशि कम पड़ जाए तो विधायक निधि से इलाज का खर्च पूरा किया जाएगा। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत जच्चा-बच्चा के पोषण के लिए तीन किश्तों में छह हजार रुपये सीधे महिला के खाते में दिए जाते हैं। लखपति दीदी योजना में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कौशल विकास, उद्यमिता और स्थायी आजीविका को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे महिलाओं की वार्षिक आय एक लाख या उससे अधिक हो सकेगी। सभी लोग कम चीनी और तेल का उपयोग करें तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं ताकि डॉक्टर के पास कम जाना पड़े।

बिलग्राम में विधायक आशीष सिंह आशु ने कहा कि आज नवरात्रि का पहला दिन है। भारत में हमेशा नारी शक्ति की पूजा की जाती है और सम्मान दिया जाता है। 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः'। यह अभियान नारी शक्ति पर केंद्रित है। अगर घर की लक्ष्मी स्वस्थ होगी तो पूरा परिवार स्वस्थ होगा। भविष्य में संतानें स्वस्थ होंगी जो विकसित राष्ट्र का आधार बनेंगी। इस अभियान में महिलाओं की सभी जांचें, दवाइयां और परामर्श निःशुल्क हैं। सभी से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में आकर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लें। सरकार महिलाओं की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है। उज्ज्वला योजना से महिलाएं धुंए रहित रसोई में खाना बना सकती हैं। मिशन शक्ति से महिलाएं आर्थिक, सामाजिक और भावनात्मक रूप से मजबूत हो रही हैं। कन्या सुमंगला योजना में बालिकाओं के जन्म से स्नातक स्तर तक की पढ़ाई के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है।

सूचना और आमंत्रण अभियान के नोडल उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीतेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार 23 सितंबर 2025 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगंज और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां में विधायक आशीष सिंह आशु द्वारा बड़े स्वास्थ्य शिविरों का उद्घाटन किया जाएगा।

यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 17 सितंबर 2025 को शुरू किया गया है। उत्तर प्रदेश में 75 जनपदों में 20,324 स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण को मजबूत करना है। एनीमिया रोकथाम, संतुलित आहार, मासिक धर्म स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता फैलाई जा रही है।

Also Click : Saharanpur : सहारनपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस को मंजूरी, यात्रियों को मिलेगी तेज रफ्तार

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow