सवायजपुर/हरदोई। समाजसेवी कर्ण सिंह राणा के पूज्य बाबा स्व. नरेंद्र बहादुर सिंह की 87वीं जन्म-जयंती के अवसर पर बाबा लक्ष्मणदास वृहद गौ संरक्षण केंद्र, अमिरता, सवायजपुर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सवायजपुर विधायक मा. माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ तथा विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश ब्लॉक प्रमुख संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘सेनानी’ मौजूद रहे। अतिथियों ने पौधरोपण कर स्व. नरेंद्र बहादुर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ ने कहा कि किसी दिवंगत व्यक्ति की स्मृति को समाजोपयोगी कार्य से जोड़ना उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने का सराहनीय माध्यम है। पौधरोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य का संदेश भी देता है।
विशिष्ट अतिथि धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘सेनानी’ ने कहा कि समाजसेवा की प्रेरणा और संस्कार परिवार से मिलते हैं। स्व. नरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्य निश्चित रूप से अनुकरणीय हैं। उनकी स्मृति में पौधरोपण करना समाज और प्रकृति दोनों के प्रति सकारात्मक सोच को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि स्व. नरेंद्र बहादुर सिंह लोक निर्माण विभाग, हरदोई से सेवानिवृत्त हुए थे। वे भारतीय योग संस्थान के माध्यम से ‘योग करो, निरोग रहो’ का संदेश देते थे तथा गायत्री परिवार के माध्यम से जनसेवा में सक्रिय सहभागिता निभाते रहे।
समाजसेवी एवं दृष्टि दोष विशेषज्ञ कर्ण सिंह राणा ने कहा कि समाजसेवा की भावना और जरूरतमंदों की सहायता करने का संस्कार उन्हें अपने बाबा जी से मिला है। उन्होंने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से अपने जन्मदिवस तथा अपने प्रिय दिवंगतजनों की जयंती एवं पुण्यतिथि पर पौधरोपण करते आ रहे हैं। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके पर विजय बहादुर सिंह, दीपांशु सिंह सोमवंशी, गौशाला के अन्य कर्मचारी, क्षेत्रवासी आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।