Crime News Hardoi: हरदोई में पुलिस का बड़ा एक्शन: 25-25 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार, लूटकांड में थे फरार
थाना बेहटा गोकुल पुलिस ने लूट की घटना में फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
हरदोई। थाना बेहटा गोकुल पुलिस ने लूट की घटना में फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अरमान पुत्र इसरार निवासी ग्राम कुँवरपुर, थाना पिहानी, जनपद हरदोई और अनूप उर्फ मायाप्रकाश पुत्र खुशीराम निवासी ग्राम रतनपुर, थाना उचौलिया, जनपद खीरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 980 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2025 को निर्मला देवी पत्नी दृगपाल यादव निवासी ग्राम महरई, थाना पचदेवरा अपने पुत्र अंकित के साथ मोटरसाइकिल से जा रही थीं। इसी दौरान थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र के ग्राम तौलिकपुर के निकट नहर पटरी पर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनके कुंडल, गले की माला और मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना बेहटा गोकुल में मुकदमा संख्या 272/2025, धारा 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस कार्रवाई में दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, मामले में फरार चल रहे अरमान और अनूप उर्फ मायाप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 980 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध हरदोई और खीरी जनपदों में पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अरमान के विरुद्ध चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं, जबकि अनूप के विरुद्ध चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?



