Hardoi News: प्राथमिक विद्यालय तड़ौरा में आई कार्ड वितरण समारोह, शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले बच्चे सम्मानित
विकास खंड सांडी के प्राथमिक विद्यालय तड़ौरा में शुक्रवार को आई कार्ड वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन
सांडी/हरदोई। विकास खंड सांडी के प्राथमिक विद्यालय तड़ौरा में शुक्रवार को आई कार्ड वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आई कार्ड वितरित किए गए, वहीं शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आई कार्ड पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनमें खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि डॉ. रजनीश त्रिपाठी एवं खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने मां शारदा के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय में शत प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले सृष्टि,नैमिष,शिवांगी, रूद्राक्षी,ध्रुव व शिवांश को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया l उत्कृष्ट छात्रा नित्या को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया l इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. रजनीश त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय में बच्चों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन और शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। आई कार्ड से विद्यार्थियों की अलग पहचान बनेगी और उनमें विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना बढ़ेगी। शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले बच्चों का सम्मान अन्य विद्यार्थियों को भी नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित करेगा।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों की शैक्षिक प्रगति में नियमित उपस्थिति की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा सकती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम से बच्चों में उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के प्रति निरंतर लगन बनाए रखने का संदेश दिया। श्री त्रिपाठी व श्री सिंह ने प्रधानाध्यापक अजीत शुक्ल के विद्यालय में इनवर्टर स्टेप लाइजर उपलब्ध कराने व टाई बेल्ट, आई कार्ड वितरण आदि प्रयास को सराहा l प्रधानाध्यापक अजीत शुक्ल ने सभी का आभार व्यक्त किया l
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार, एआरपी आदर्श अवस्थी, प्रभाकर मिश्र, शिक्षक विजय वर्मा, विनोद कुमार ,अर्जुन सिंह, दुर्गेश तिवारी, अमन श्रीवास्तव, मो.सारिक, अभिभावक नीरज यादव, जितेन्द्र यादव, छोटे सिंह, नितिन यादव, शिव शंकर, अमृत सिंह, आशा देवी, सुनीता, उर्मिला ,अनीता, राज कुमारी आदि रहे l
What's Your Reaction?