हरदोई: 117 पशुओं का चारा खाने लग गये जिम्मेदार, कागजों में 135 पशु, जांच में मिले 18 गोवंश
अभिलेखों की जांच में मनरेगा की मजदूरी ग्राम प्रधान के भाई अश्वनी कुमार, भारत कुशवाहा एवं कमलेश कुमार के बैंक खातों में भेजी जाना पाई गई। प्रधान ने जांच अधिकारी को श्रमिकों को नकद मजदूरी दिया जाना बता कर भरमाने की कोशिश की। अभिलेखों में लगी 80 स्ट्रीट लाइटें भी ...
By INA News Hardoi.
शाहाबाद विकास खंड की सहादतनगर ग्राम पंचायत में पशु आश्रय स्थल की जांच में प्रधान जगपाल एवं सचिव विकास त्रिपाठी द्वारा 135 पशुओं का होना बताया गया, मौके की जांच करने पर मात्र 18 पशु पाए गए। जांच अधिकारी ने पाया प्रतिदिन 117 पशुओं के भरण पोषण का अनियमित तरीके से भत्ता लिया जा रहा है।
अभिलेखों की जांच में मनरेगा की मजदूरी ग्राम प्रधान के भाई अश्वनी कुमार, भारत कुशवाहा एवं कमलेश कुमार के बैंक खातों में भेजी जाना पाई गई। प्रधान ने जांच अधिकारी को श्रमिकों को नकद मजदूरी दिया जाना बता कर भरमाने की कोशिश की। अभिलेखों में लगी 80 स्ट्रीट लाइटें भी मौके पर नहीं मिलीं। इस धांधली की शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश से की गई जांच में संगठित रूप से की जा रही इस लूट का पर्दाफाश हुआ है। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज करने के साथ ही सचिव को निलंबित करने की तैयारी शुरू कर दी है।
Also Read: हरदोई: औद्योगिक क्षेत्र विस्तारीकरण के लिए तैयारी शुरू, 700 एकड़ भूमि की मांग की
इतना ही नहीं, रिबोर एवं मरम्मत के नाम पर धनराशि आहरित करने के बावजूद शमशान, आंगनबाड़ी केंद्र, आर्यावर्त बैंक सहित पांच इंडिया मार्का नल खराब पाए गए। तमाम गड़बड़ियों के आधार पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने ग्राम पंचायत के विकास के लिए आई धनराशि को गैर प्राधिकृत व्यक्ति के बैंक खाते में भेजने का दोषी पाया, आश्रय स्थल में संरक्षित पशुओं की संख्या से कहीं अधिक पशुओं का भरण पोषण भत्ता लिए जाने पर प्रधान व सचिव को दोषी पाया है।
जिलाधिकारी ने पंचायती राज अधिनियम के अंतर्गत प्रधान पद के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार प्रतिबंधित करने एवं सचिव के विरुद्ध निलंबन के साथ ही अनुशासनात्मक कार्रवाई करने से पूर्व नोटिस जारी कर दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर सहादतनगर ग्राम पंचायत का निरीक्षण करने पहुंचे जांच अधिकारी अपर निदेशक मत्स्य धर्मराज सिंह को हैरान करने वाली गड़बड़ियां मिलीं। फिलहाल इस मामले में जिम्मेदारों पर बड़ी कार्रवाई का होना तय है।
What's Your Reaction?











