Sambhal News: संभल का नक्शा बदलने की धमकी पर सुहैल इकबाल का पलटवार, बोले—अब CO और कप्तान साहब खींचेंगे नक्शा!
नंद किशोर गुर्जर के बयान पर विधायक सुहैल इकबाल का जवाब, बोले- टिकट की राजनीति के लिए धार्मिक मंच का इस्तेमाल, सम्भल की गंगा-जमुनी तहजीब बरकरार रखने की अपील
उवैस दानिश, सम्भल
भाजपा नेता राजेश सिंघल के समर्थन में लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर के कथित बयान को लेकर सम्भल की सियासत गरमा गई है। नंद किशोर गुर्जर द्वारा राजेश सिंघल के खिलाफ कार्रवाई होने पर सम्भल का नक्शा बदलने की बात कहे जाने के सवाल पर सपा विधायक सुहैल इकबाल ने पलटवार किया है।
सपा युवा नेता सुहैल इकबाल ने कहा कि अब इसका नक्शा सीओ साहब और कप्तान साहब खींचेंगे। उन्होंने कहा कि बाहर से आकर यहां राजनीति करने वाले लोगों के बयानों और उनके यहां आने की जरूरत को प्रशासन देखेगा कि उनका यहां आना सही है या गलत। सुहैल इकबाल ने लोनी की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की तस्वीरें सामने आई हैं और वहां के लोग भी संबंधित नेता से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयानों पर प्रशासन को अपना काम करना चाहिए। नंद किशोर गुर्जर के हिंदुस्तान को हिंदुओं का देश बताने वाले बयान पर सुहैल इकबाल ने कहा कि यह उनकी पार्टी की गाइडलाइन है या उनकी व्यक्तिगत लाइन, यह उन्हें नहीं पता। उन्होंने रहटोल गांव में आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि धार्मिक मंच का इस्तेमाल राजनीतिक समर्थन हासिल करने के लिए किया गया। सुहैल इकबाल ने कहा कि प्रशासन समझ रहा है कि यह सब टिकट की राजनीति के चक्कर में किया जा रहा स्टंट है। सपा विधायक ने संभल के शहरवासियों और सभी समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे लोगों की बातों में न आएं, जिन्होंने अपनी लोकप्रियता खो दी है। उन्होंने कहा कि सम्भल के लोग अमन पसंद हैं और शहर को बनाने वाले हैं। जनता को अपने अच्छे कामों पर ध्यान देना चाहिए और आपसी सद्भाव बनाए रखना चाहिए। सुहैल इकबाल ने सम्भल की गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखने की अपील करते हुए कहा कि शहर में शांति और भाईचारा कायम रहना चाहिए।
What's Your Reaction?