Sambhal News: 11 साल बाद घर लौटीं चमनवती, पुलिस ने बदायूं से बरामद कर परिवार से मिलाया
15 साल की उम्र में घर छोड़कर चली गई थीं, हरिद्वार के आश्रम में भी बिताए 4-5 साल; 26 साल की उम्र में अपनों से हुआ मिलन
उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल के थाना बनियाठेर क्षेत्र से 11 साल पहले लापता हुई युवती को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिलवा दिया। करीब 15 साल की उम्र में घर से लापता हुई चमनवती अब करीब 26 साल की हो चुकी हैं। पुलिस की लगातार तलाश और विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त 2015 को ग्राम जमालपुर निवासी राजू पुत्र रामदास ने थाना बनियाठेर में अपनी बहन चमनवती के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना दी थी। उस समय चमनवती की उम्र करीब 15 साल थी। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा संख्या 268/2015, धारा 363 आईपीसी के तहत दर्ज किया गया था। लापता युवती की तलाश में पुलिस ने पंपलेट छपवाकर प्रचार-प्रसार कराया और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की। परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर 4-5 जनपदों में भी तलाश की गई। आखिरकार 25 सितंबर 2026 को थाना बनियाठेर पुलिस ने बदायूं जनपद के उघैती थाना क्षेत्र के ग्राम भण्डवा के मजरा हैदराबाद से चमनवती को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, चमनवती ने बताया कि वह वर्ष 2015 में घर से नाराज होकर हरिद्वार चली गई थीं और करीब 4-5 साल तक हरिद्वार के एक आश्रम में रहीं। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व और अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिण मनोज कुमार रावत के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। बरामदगी के बाद चमनवती को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। बरामदगी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बोबिंद्र कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक संजय सिंह, कांस्टेबल मोहित कुमार और महिला कांस्टेबल आंचल शामिल रहीं। पुलिस अधीक्षक ने टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
What's Your Reaction?