हरदोई: अवैध संबंधों के शक में युवक का सिर-मूंछ मुंडवाई, वीडियो वायरल, पुलिस जांच जारी

हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के संदेह में युवक का आधा सिर और मूंछ मुंडवाकर जूतों की माला पहनाई। वीडियो वायरल होने पर जांच में जुटी पुलिस।

By INA News Desk
Sep 27, 2026 - 23:45
6 Views
हरदोई: अवैध संबंधों के शक में युवक का सिर-मूंछ मुंडवाई, वीडियो वायरल, पुलिस जांच जारी

हरदोई। जनपद के अरवल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुर्रमपुरवा (मजरा कटरी छोछपुर) में कानून हाथ में लेने और अमानवीय व्यवहार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दंपती पर आरोप है कि उन्होंने कथित अवैध संबंधों के संदेह में एक युवक को योजनाबद्ध तरीके से अपने घर बुलवाया और फिर उसके साथ बंधक बनाकर गंभीर दुर्व्यवहार किया। पीड़ित का आधा सिर और आधी मूंछ मुंडवा दी गई, गले में जूतों की माला डालकर अपमानित किया गया और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।

क्षेत्रीय चर्चाओं और सामने आई जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मुन्नू पुत्र अहिबरन सिंह को अपनी पत्नी के किसी अन्य से संबंध होने का संदेह था। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक नरेंद्र सिंह पुत्र दिनेश सिंह निवासी ग्राम कुसुम्हरा (थाना व जनपद मैनपुरी) पिछले काफी समय से महिला के संपर्क में था। संदेह की पुष्टि के बहाने पति ने अपनी पत्नी के जरिए युवक को बातचीत के लिए अपने आवास पर बुलाया।

जैसे ही युवक घर के अंदर दाखिल हुआ, आरोपितों ने उसे बंधक बना लिया। आरोप है कि महिला ने स्वयं युवक का आधा सिर मुंडवा दिया और उसके गले में जूतों की माला डाल दी, जबकि उसके पति ने उसकी आधी मूंछ साफ कर दी। इस दौरान आरोपितों ने मोबाइल फोन से इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया। सामने आए वीडियो में पीड़ित युवक असहाय अवस्था में रोता-बिलखता और रहम की गुहार लगाता नजर आ रहा है, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।

सोशल मीडिया पर अमानवीय व्यवहार का यह वीडियो तेजी से फैलने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस संबंध में अरवल थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मामला संज्ञान में आने पर जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Also Click : Ram Govind Chaudhary Last Rites: 'पूर्वांचल के गांधी' रामगोविंद चौधरी पंचतत्व में विलीन, सरयू तट पर नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow