Hathras : मेड़ और सरकारी नाली काटने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चलने से एक ही परिवार के चार लोग घायल, एक जिला अस्पताल रेफर
गांव के एक पक्ष पर आरोप है कि उसने खेत के किनारे बनी सरकारी नाली और उसकी मेड़ को काटकर अपने खेत में मिला लिया था। इस कब्जे के कारण दूसरे पक्ष को अपने खेत की सिंचाई के लिए पानी ले जाने में भारी दिक्कत हो रही थी। इसी बात
गांव रूदायन में मेड़ और सरकारी नाली काटने के विवाद ने बेहद उग्र रूप ले लिया। खेत पर पानी ले जाने के रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों की ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के एक पक्ष पर आरोप है कि उसने खेत के किनारे बनी सरकारी नाली और उसकी मेड़ को काटकर अपने खेत में मिला लिया था। इस कब्जे के कारण दूसरे पक्ष को अपने खेत की सिंचाई के लिए पानी ले जाने में भारी दिक्कत हो रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ा कि लाठियां चलने लगीं और पूरा खेत जंग के मैदान में बदल गया। इस मारपीट में एक पक्ष से गगन, बादल और उनके पिता शिवकुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से जसवंत भी घायल हुआ है।
शोर शराबा सुनकर ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत सासनी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने गगन की हालत को चिंताजनक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सासनी कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Click : Deoband : देवबंद में बिजली संकट- भीषण गर्मी में 17 घंटे तक आपूर्ति ठप, अधिकारियों की अनदेखी से जनता बेहाल
What's Your Reaction?




