Hathras : हाथरस में सुशासन सप्ताह के तहत प्रशासन गाँव की ओर जिला स्तरीय कार्यशाला
मुख्य अतिथि डॉ. रविकांत भटनागर ने कहा कि यह दिन बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में नमन किया जा रहा है
हाथरस के मण्डी परिसर में सुशासन सप्ताह-प्रशासन गाँव की ओर अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि डॉ. रविकांत भटनागर (सेवानिवृत्त आईएएस) ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रविकांत भटनागर, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा और मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप जलाकर किया गया। जिलाधिकारी ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मनोज उपाध्याय ने वीडियो और पीपीटी के माध्यम से प्रदेश तथा जिले में सुशासन दिवस के तहत की गई विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि डॉ. रविकांत भटनागर ने कहा कि यह दिन बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में नमन किया जा रहा है और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती किसान दिवस के रूप में मनाई जा रही है। यह अवसर किसानों के सम्मान और योगदान को याद करने का है। उन्होंने बताया कि देश आजादी के 75 वर्ष पूरे कर अमृत काल में प्रवेश कर चुका है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का संकल्प है कि योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। भारत की आत्मा गांवों में है और किसान इसका आधार हैं। उन्होंने जोर दिया कि सुशासन सिर्फ नियमों का पालन नहीं बल्कि संवेदनशीलता और सेवा-भाव है। अधिकारी गांवों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनें तो विश्वास खुद बनता है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा गांव-गांव जाकर योजनाओं की समीक्षा की सराहना की और कहा कि यह भावना आगे भी बनी रहनी चाहिए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने सुशासन सप्ताह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुशासन का मतलब जनता की समस्याओं का समय पर, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से समाधान है। प्रशासन गाँव की ओर का उद्देश्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और हर नागरिक को त्वरित सेवा व न्याय देना है। उन्होंने बताया कि सप्ताह के दौरान जनसुनवाई, सम्पूर्ण समाधान दिवस, शिकायत निस्तारण शिविर, विभागीय समीक्षा और फील्ड विजिट जैसे कार्यक्रम हो रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का अच्छे तरीके से और समय पर निस्तारण हो तथा लोग बिना डर के अपनी समस्याएं रखें।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने कहा कि महात्मा गांधी की सोच के अनुसार सुशासन वही है जिसमें समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान हो। उन्होंने जिले में स्वच्छता अभियान, निराश्रित गोवंश संरक्षण, डायल-112 और आईजीआरएस में मिली सफलताओं का जिक्र किया। हाथरस ने आईजीआरएस में प्रदेश में पहला स्थान और डायल-112 में चौथा स्थान हासिल किया है। मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि सप्ताह के दौरान जनशिकायत निस्तारण, ग्राम चौपाल, जनता दर्शन, कम्बल वितरण, स्वास्थ्य शिविर, टीबी रोगियों को पोषण पोटली, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर शिविर और सोशल मीडिया शिकायतों का समाधान जैसे कार्यक्रम चल रहे हैं। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, ईडीएम, कृषक बंधु और मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Also Click : Hardoi : सेंट थेरेसा स्कूल में क्रिसमस मेले की जगमगाहट, सांसद अशोक रावत ने किया शुभारंभ
What's Your Reaction?











