हाथरस में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का प्रदर्शन: धार्मिक प्रतीकों के राजनीतिक इस्तेमाल पर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
हाथरस में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने जिलाधिकारी के जरिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। राजनीतिक कार्यक्रम में धार्मिक प्रतीकों के उपयोग पर कार्रवाई की मांग की।
हाथरस जिले में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (आरएएम) पार्टी के पदाधिकारियों ने एक राजनीतिक कार्यक्रम में धार्मिक स्वरूप के उपयोग को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से देश के राष्ट्रपति को संबोधित एक आधिकारिक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में एक हालिया राजनीतिक आयोजन के दौरान भगवान हनुमान के स्वरूप के उपयोग पर गंभीर आपत्ति जताई गई है। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ ही दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भगवान हनुमान का स्वरूप धारण किए व्यक्ति से पार्टी का झंडा हाथ में देकर नृत्य कराया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस कृत्य से सनातन धर्म को मानने वाले लोगों की धार्मिक आस्था और भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने इस पूरे घटनाक्रम को अनुचित बताते हुए मामले की गहराई से जांच करने और इस आयोजन को करने वाले जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कदम उठाने की मांग की है।
इसके साथ ही संगठन ने राष्ट्रपति से यह भी अनुरोध किया है कि भविष्य में किसी भी राजनीतिक लाभ के लिए देवी-देवताओं और पवित्र धार्मिक प्रतीकों के उपयोग को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन में कहा गया है कि सभी राजनीतिक दलों के लिए एक आवश्यक परामर्श जारी होना चाहिए ताकि वे एक-दूसरे की धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करें और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति दोबारा न हो सके।
यह पूरा प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने का कार्य जिला महासचिव एवं हाथरस प्रभारी निशांत उपाध्याय के नेतृत्व में तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ। इस मौके पर संगठन को मजबूती देने के लिए जिला उपाध्यक्ष दीनदयाल शर्मा (दीनू पंडित), सौरभ पराशर, जिला मंत्री प्रदीप शर्मा, अतुल पंडित, अभिषेक पाठक, हर्षवर्धन द्विवेदी, भोला पंडित और जिला कार्यकारिणी सदस्य जय नारायण शर्मा सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Also Click : हरदोई में मंदिर से घंटे चुराने वाला शातिर अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने पीतल के घंटे और बाइक की बरामद
What's Your Reaction?




