हाथरस में श्रावण के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब, 15 वर्षीय बिट्टू शर्मा ने पैदल कांवड़ लाकर किया जलाभिषेक

हाथरस के रुदायन में सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। 15 वर्षीय बिट्टू शर्मा राजघाट से पैदल कांवड़ लेकर पहुंचे और जलाभिषेक किया।

By INA News Desk
Aug 3, 2026 - 22:43
25 Views
हाथरस में श्रावण के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब, 15 वर्षीय बिट्टू शर्मा ने पैदल कांवड़ लाकर किया जलाभिषेक

हाथरस: श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर रुदायन गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में स्थित शिवालयों में भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस दौरान मंदिरों में पहुंचे भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

इस अवसर पर गांव में उस समय विशेष उत्साह देखने को मिला, जब स्थानीय निवासी दीपक शर्मा का 15 वर्षीय पुत्र बिट्टू शर्मा राजघाट से कठिन पैदल यात्रा पूरी कर कांवड़ लेकर गांव पहुंचा। इतनी छोटी आयु में अटूट श्रद्धा के साथ पैदल यात्रा तय कर जल लाने पर ग्रामीणों ने उसके प्रयास और भक्ति भावना की काफी सराहना की।

गांव की सीमा पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल बरसाकर कांवड़िया बिट्टू शर्मा का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात उसने पवित्र गंगाजल से गांव के प्राचीन बूढ़े महादेव मंदिर में भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया और अन्य शिवालयों में भी पूजन-अर्चन किया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूध और जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की, जिससे दिनभर पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।

Also Click : Lucknow: यूपी में अवैध खनन पर योगी सरकार का डिजिटल प्रहार, 24x7 निगरानी से माफियाओं पर कसा शिकंजा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow