Hathras News: हाथरस में टीबी मुक्त भारत अभियान को गति, 25 मरीजों को बांटी गई पोषण पोटली किट
हाथरस के बगला जिला अस्पताल में 25 टीबी मरीजों को पोषण पोटली बांटी गई। विधायक अंजुला माहौर व अधिकारियों की मौजूदगी में संस्था ने पोषण किट सौंपी।
हाथरस स्थित बगला संयुक्त जिला चिकित्सालय में समाज कल्याण एवं शांति संगठन की ओर से टीबी से ग्रसित 25 मरीजों को पोषण पोटली किट वितरित की गई। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने और उपचाराधीन मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार लाने के उद्देश्य से इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, ताकि दवाओं के साथ-साथ मरीजों को भरपूर पोषण भी मिल सके।
कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला माहौर ने संस्था के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई में नियमित दवाओं के साथ पौष्टिक आहार का सेवन बेहद जरूरी है। सही पोषण से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और वे तेजी से स्वस्थ होते हैं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल अग्रवाल के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने चयनित मरीजों को पोषण सामग्री की किट सौंपी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और जिला क्षय रोग अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन, जिला महामंत्री उत्कर्ष शर्मा, नगर अध्यक्ष दिनेश सरदाना, नगर महामंत्री लव तायल, श्रीकृष्ण अरोड़ा, विजय कृष्ण गर्ग, राकेश बंसल, केशव लाल अरोड़ा, सौरभ वर्मा, मनीष गोयल, रवि वार्ष्णेय और मनोज अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और समाज को टीबी मुक्त बनाने के लिए निरंतर सहयोग का संकल्प दोहराया।
What's Your Reaction?







