71 हेक्टेयर ग्रामसभा घोटाला: तत्कालीन SDM समेत 6 गिरफ्तार, सरकारी जमीन की लूट का बड़ा खेल बेनकाब
जनपद सम्भल में ग्रामसभा की 71 हेक्टेयर सरकारी जमीन के कथित अवैध आवंटन का बड़ा घोटाला सामने आया है। पुलिस ने
उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल में ग्रामसभा की 71 हेक्टेयर सरकारी जमीन के कथित अवैध आवंटन का बड़ा घोटाला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन एसडीएम, एक डीजीसी (चकबंदी), दो सेवानिवृत्त चकबंदी कर्मचारी, एक रिटायर्ड कानूनगो और एक प्रधान समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कुल 19 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों और फर्जी पट्टाधारकों की तलाश जारी है।
पूरा मामला गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव असदपुर भौनानगला का है। आरोप है कि वर्ष 2019 में तत्कालीन एसडीएम ओमवीर सिंह के कार्यकाल के दौरान ग्रामसभा की 71 हेक्टेयर जमीन का अवैध तरीके से आवंटन कराया गया। आरोप है कि प्रधान से प्रस्ताव पारित कराकर 162 अपात्र लोगों को नियमों की अनदेखी करते हुए पट्टे दे दिए गए। जिला प्रशासन की जांच में मामला सही पाए जाने के बाद हल्का लेखपाल की तहरीर पर 2 जुलाई को गुन्नौर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के बाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि राजस्व विभाग की जांच में 19 लोग दोषी पाए गए हैं। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध पट्टों को निरस्त कर ग्रामसभा की जमीन वापस सरकारी खाते में दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही अवैध पट्टाधारकों और पूरे षड्यंत्र में शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कार्रवाई के बाद कई आरोपी और फर्जी पट्टाधारक फरार बताए जा रहे हैं। उनके मोबाइल फोन भी बंद हैं। सूत्रों के मुताबिक, एक-एक अवैध पट्टे के बदले करीब एक लाख रुपये की अवैध वसूली की गई थी। आरोप है कि सरकारी जमीन का बंदरबांट कर अपात्रों, यहां तक कि ग्रामसभा से बाहर के लोगों को भी कौड़ियों के दाम पर जमीन दे दी गई। यह भी सामने आया है कि पट्टों की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए मूल लेखपाल को हटाकर तीन दिन के लिए दूसरे लेखपाल की तैनाती की गई थी। अब इस बहुचर्चित जमीन घोटाले में पुलिस और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
Also Click : Saharanpur Triple Talaq Case: सहारनपुर में महिला ने पति पर लगाया जबरन हलाला और तीन तलाक का आरोप, SSP से शिकायत
What's Your Reaction?