Hardoi News: पोषण, स्वच्छता और आत्मसुरक्षा पर जोर, इनर व्हील क्लब शक्तिवाहिनी ने बालिकाओं को किया जागरूक
नवरात्रि के पावन पर्व पर इनर व्हील क्लब ऑफ हरदोई शक्तिवाहिनी की ओर से कंपोजिट स्कूल तत्योरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र
हरदोई। नवरात्रि के पावन पर्व पर इनर व्हील क्लब ऑफ हरदोई शक्तिवाहिनी की ओर से कंपोजिट स्कूल तत्योरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में ‘सहारा एवं सेवा’ के अंतर्गत पोषण एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं गर्भवती माताओं को गुड़-चना, मूंगफली, फल और बिस्कुट वितरित कर पोषण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में क्लब की प्रेसिडेंट निशा बाजपेई, आईपीपी वंदना गुप्ता, सदस्य सुमन गुप्ता, विद्यालय की प्रधानाचार्या मिथिलेश कुमारी, आंगनवाड़ी सहायिका शिखा, सुपरवाइजर कामिनी पांडेय सहित अन्य सदस्याओं एवं शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता की।
इसी क्रम में क्लब के ‘नारी सम्मान एवं स्वच्छ जीवन’ अभियान के तहत विद्यालय की बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए। आईपीपी वंदना गुप्ता ने बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी।

बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सही उत्तर देने पर पुरस्कार प्राप्त किए। वहीं, स्वयं सुरक्षा संबंधी सत्र में क्लब की अध्यक्ष निशा बाजपेई ने बालिकाओं को प्रभावी तरीके से आत्मसुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क एवं सजग रहने का संदेश दिया।
क्लब की सदस्याओं ने पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मसुरक्षा के प्रति जागरूकता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला बताया। इस आयोजन को बच्चों, गर्भवती माताओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा गया।
What's Your Reaction?



