Hardoi News: ऑपरेशन स्माइल के तहत पुलिस ने चार वर्षीय बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा
थाना कोतवाली शहर पुलिस ने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर में परिजनों से बिछड़ी
हरदोई। थाना कोतवाली शहर पुलिस ने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए मंदिर में परिजनों से बिछड़ी चार वर्षीय बच्ची को सकुशल बरामद कर उनके सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को जनपद सीतापुर निवासी दंपति अपनी चार वर्षीय बच्ची के साथ हरदोई स्थित बाबा मंदिर में दर्शन करने आए थे। मंदिर में अधिक भीड़ होने के कारण बच्ची अपने माता-पिता से बिछड़ गई। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका।
लाउड हेलर से प्रचार कर बच्ची को खोजा
पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर गुमशुदा बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन स्माइल’ के क्रम में कोतवाली शहर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद और लाउड हेलर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया। पुलिस के प्रयासों से बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्ची के मिलने पर परिजनों ने हरदोई पुलिस की तत्परता और सहयोग की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया।
पुलिस टीम में शामिल रहीं महिला पुलिसकर्मी
बच्ची की सकुशल बरामदगी में थाना कोतवाली शहर की महिला पुलिसकर्मियों में महिला कांस्टेबल अक्सा बी, महिला कांस्टेबल पूजा तिवारी और महिला कांस्टेबल अर्चना वर्मा शामिल रहीं।
What's Your Reaction?



