अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026: हरदोई में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

Hardoi: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग हरदोई

Jun 15, 2026 - 18:19
29 Views
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026: हरदोई में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026: हरदोई में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश

Hardoi: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग हरदोई के निर्देशानुसार किया गया। “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है।” इसी संदेश के साथ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) के आयोजन के अंतर्गत योग सप्ताह का शुभारंभ आज जनपद हरदोई के शहीद उद्यान में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा ‘मधुर’ उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा एवं आत्मविश्वास प्रदान करता है। कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आशा रावत ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की इस वर्ष की थीम "Yoga for Healthy Ageing" पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों के लिए लाभकारी है।

विशेष रूप से वृद्धजनों के लिए योग शरीर की लचीलापन, संतुलन, मानसिक शांति एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधु बाजपेयी ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है। योग के नियमित अभ्यास से अनेक जीवनशैली जनित रोगों की रोकथाम संभव है तथा व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।

इस अवसर पर आयुष योग वेलनेस सेंटर एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के योग प्रशिक्षकों द्वारा एवं जनपद के अन्य सहयोगी संस्थाओं के लोगों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का सामूहिक अभ्यास कराया गया। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में सहभागिता कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संकल्प लिया। 

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों एवं नागरिकों ने जनसामान्य से अपील की कि वे आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ, सुखी और संतुलित समाज के निर्माण में योगदान दें। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow