Lucknow : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने एमएमए खिलाड़ी खुशबू निषाद को सम्मानित किया, कहा- खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, राष्ट्र निर्माण का माध्यम
उन्होंने बताया कि युवा अगर खेल को करियर बनाते हैं तो देश और समाज का नाम ऊंचा कर सकते हैं। मिक्स मार्शल आर्ट अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक ताकत
प्रयागराज जिला पंचायत सभागार में आयोजित एक भव्य समारोह में एमएमए खिलाड़ी खुशबू निषाद को लेबनान में हुई 2025 आईएमएमएएफ एशियन एमएमए चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर सम्मानित किया गया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर खुशबू निषाद ने भारत के साथ प्रयागराज और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।
उन्होंने बताया कि युवा अगर खेल को करियर बनाते हैं तो देश और समाज का नाम ऊंचा कर सकते हैं। मिक्स मार्शल आर्ट अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक ताकत और मानसिक मजबूती का बेहतरीन उदाहरण है। सरकार खेलो इंडिया, खेल विकास योजनाओं और प्रोत्साहन कार्यक्रमों से खिलाड़ियों को संसाधन, मंच और सम्मान दे रही है। खेल सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मजबूत माध्यम हैं। ऐसे खिलाड़ी आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनते हैं और युवाओं को नशे, हिंसा जैसी बुरी आदतों से दूर रखते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने खुशबू निषाद को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता समाज की बेटियों को खेल में आगे बढ़ने और उत्कृष्टता हासिल करने की प्रेरणा देगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी मौजूद रहे। समारोह में जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। सभी ने खुशबू निषाद के बेहतर भविष्य की कामना की और भरोसा जताया कि वे आगे भी देश के लिए नए कीर्तिमान बनाएंगी।
What's Your Reaction?











