Lucknow : लोकबंधु चिकित्सालय में जल्द शुरू होगा हृदय रोगियों का इलाज, उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल के 15वें स्थापना दिवस में की घोषणा
ब्रजेश पाठक ने कहा कि कानपुर रोड और आसपास के इलाकों में बड़ी आबादी रहती है। इन लोगों को अच्छी और आसान स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। अस्प
लखनऊ के कानपुर रोड स्थित लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय में हृदय रोगियों को जल्द ही बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके लिए जरूरी संसाधन जुटाए जाएंगे और शासन स्तर से पूरा सहयोग दिया जाएगा। अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि शासन के मानकों के अनुसार प्रस्ताव तैयार कर जल्द भेजें ताकि इसे शीघ्र मंजूरी मिल सके।
यह घोषणा उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल के 15वें स्थापना दिवस और कायाकल्प सम्मान समारोह में की। उन्होंने उत्कृष्ट काम करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि कानपुर रोड और आसपास के इलाकों में बड़ी आबादी रहती है। इन लोगों को अच्छी और आसान स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी पूरी मेहनत और समर्पण से मरीजों की सेवा कर रहे हैं, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हृदय रोगियों के लिए आधुनिक सुविधाएं बनाई जाएंगी। यहां ईसीजी, ईको, ट्रॉप-आई जैसी जरूरी जांचें उपलब्ध होंगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी। अस्पताल में संसाधनों या बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भर्ती मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। यहां सामान्य और ऑपरेशन से प्रसव की सुविधाएं हैं। अच्छी चिकित्सा सेवाओं से यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों के लिए भरोसेमंद केंद्र बन रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि हर हाल में उच्च गुणवत्ता की सेवाएं दी जाएं।
कार्यक्रम में लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया गया। साथ ही रजिस्ट्रेशन काउंटर और ईआईसीयू का भी शुभारंभ हुआ। ईआईसीयू को मेदांता के सहयोग से चलाया जाएगा, जिससे गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
अस्पताल में फिलहाल करीब 300 बेड पर मरीज भर्ती हैं। आईसीयू, एसएनसीयू सहित कई विभागों में उपचार की सुविधा है। पांच विभागों—हड्डी रोग, बाल रोग, जनरल मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा जनरल सर्जरी में डीएनबी पाठ्यक्रम चल रहे हैं।
समारोह में अरविंद त्रिपाठी, महानिदेशक स्वास्थ्य आरपीएस सुमन, महानिदेशक परिवार कल्याण पवन अरुण, महानिदेशक प्रशिक्षण हरिदास अग्रवाल, सीएमएस राजीव कुमार दीक्षित, चिकित्सा अधीक्षक अजय शंकर त्रिपाठी, सीएमओ एनबी सिंह और फार्मेसी काउंसिल सदस्य एपी सिंह सहित अन्य अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?