Lucknow : वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना चुने गए उत्कृष्ट विधायक, विशेष समारोह में मिलेगा सम्मान

उत्तर प्रदेश विधानसभा की नियमावली के तहत बनी इस समिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, वरिष्ठ विधायक रमापति शास्त्री और वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह शामिल हुए। समिति के सभी सदस्यों ने एक सुर में कहा कि सुरेश कुमार खन्ना का

May 16, 2026 - 12:08
14 Views
Lucknow : वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना चुने गए उत्कृष्ट विधायक, विशेष समारोह में मिलेगा सम्मान
Lucknow : वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना चुने गए उत्कृष्ट विधायक, विशेष समारोह में मिलेगा सम्मान

उत्तर प्रदेश के वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना को उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिए चुना गया है। उनके लंबे संसदीय अनुभव, सदन की परंपराओं के प्रति निष्ठा, बेहतर आचरण और विधानसभा की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में उनके खास योगदान को देखते हुए यह फैसला लिया गया। विधानसभा अध्यक्ष की अगुवाई में हुई उत्कृष्ट विधायक समिति की बैठक में सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगाई गई।

उत्तर प्रदेश विधानसभा की नियमावली के तहत बनी इस समिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, वरिष्ठ विधायक रमापति शास्त्री और वरिष्ठ पत्रकार सुरेश बहादुर सिंह शामिल हुए। समिति के सभी सदस्यों ने एक सुर में कहा कि सुरेश कुमार खन्ना का राजनीतिक और संसदीय जीवन बेहद शानदार और प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने सरकार में मंत्री रहते हुए तो अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई ही है, साथ ही विपक्ष में भाजपा विधायक दल के नेता के रूप में भी लोकतांत्रिक मूल्यों और सदन की मर्यादा को मजबूत किया है। विधानसभा की कई बड़ी समितियों के अध्यक्ष के रूप में भी उनका काम सराहनीय रहा है।

मौजूदा समय में संसदीय कार्य मंत्री के तौर पर सदन को बेहतर ढंग से चलाने की उनकी शैली, बातचीत का तरीका और विधाई मामलों पर उनकी मजबूत पकड़ की समिति ने जमकर तारीफ की। बैठक में उनके प्रशासनिक अनुभवों का जिक्र करते हुए बताया गया कि वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने विश्व आर्थिक मंच की दावोस बैठक में उत्तर प्रदेश का पक्ष रखा था। इसके अलावा साल 2022 में मुख्यमंत्री ने उन्हें "इन्वेस्ट यूपी" के प्रतिनिधिमंडल की कमान सौंपी थी, जिससे राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आया। समिति ने उनके सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक सूझबूझ को इस सम्मान के लिए बिल्कुल सही माना। आने वाले समय में विधानसभा सदन के अंदर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें इस सम्मान से नवाजा जाएगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow