Lucknow IT City LDA Plot Lottery: एलडीए ने 534 किसानों को लॉटरी से दिए 800 भूखण्ड, आईटी सिटी योजना में पारदर्शी आवंटन
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने आईटी सिटी योजना के तहत 534 किसानों को 800 विकसित भूखण्ड आवंटित किए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पारदर्शी लॉटरी से हुआ ड्रॉ।
- एलडीएः आईटी सिटी में 534 काश्तकारों को लॉटरी से मिले 800 भूखण्ड
- इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स हॉल में हुयी योजना के चतुर्थ चरण की लॉटरी
- पारदर्शी प्रक्रिया के तहत विकसित भूखण्डों का आवंटन होने पर खिले लोगों के चेहरे
एलडीए ने आईटी सिटी योजना के लिए लैंड पूलिंग नीति के तहत अपनी जमीन देने वाले काश्तकारों को सोमवार को लॉटरी के माध्यम से भूखण्डों का आवंटन किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स हॉल में हुये इस लॉटरी ड्रॉ में 534 किसानों को 800 विकसित भूखण्ड आवंटित किये गये।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत काश्तकारों के हाथों से ही लॉटरी की पर्चियां निकलवायी गयीं। योजना में विकसित भूखण्ड मिलने पर काश्तकारों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने बताया कि सुलतानपुर रोड पर लगभग 3,500 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही इस आवासीय योजना के लिए जिन किसानों एवं भू-स्वामियों ने अपनी भूमि का अनुबंध 31 अगस्त, 2026 तक प्राधिकरण के पक्ष में कराया था, उन्हें लैंड पूलिंग नीति के तहत 25 प्रतिशत भूमि के समतुल्य विकसित भूखण्ड आवंटित किये गये। इस मौके पर अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा, अनु सचिव संजीव कुमार, प्रभारी अधिकारी-योजना रवि नंदन सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
6 श्रेणी के भूखण्डों का हुआ आवंटन
अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि चतुर्थ चरण की इस लॉटरी में 06 श्रेणी के कुल 800 भूखण्ड आवंटित किये गये। इसमें 288 वर्गमीटर के 327, 200 वर्गमीटर के 59, 162 वर्गमीटर के 57, 128 वर्गमीटर के 87, 72 वर्गमीटर के 118 एवं 35 वर्गमीटर के 152 विकसित भूखण्ड शामिल हैं। उन्होंने बताया कि लॉटरी ड्रॉ का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया गया।
पहले 03 चरण में 1,397 भूखण्डों का आवंटन
अपर सचिव ने बताया कि आईटी सिटी योजना के लिए लैंड पूलिंग नीति के तहत भूमि देने वाले 931 किसानों को पहले 03 चरणों में 1,397 विकसित भूखण्ड आवंटित किये जा चुके हैं। यह प्राधिकरण की पारदर्शी प्रक्रिया व तत्परता को दर्शाता है।
What's Your Reaction?



