सर्राफा कारोबार में बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा, नकदी व आभूषणों समेत दो आरोपी गिरफ्तार

हरदोई के थाना सांडी पुलिस ने सर्राफा कारोबार से जुड़े धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को

Jun 15, 2026 - 19:20
37 Views
सर्राफा कारोबार में बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा, नकदी व आभूषणों समेत दो आरोपी गिरफ्तार
सर्राफा कारोबार में बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा, नकदी व आभूषणों समेत दो आरोपी गिरफ्तार

हरदोई के थाना सांडी पुलिस ने सर्राफा कारोबार से जुड़े धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,06,500 नकद तथा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। 

पुलिस के अनुसार ग्राम चिरापुर निवासी रंजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विपिन गुप्ता ने गांव में सर्राफा की दुकान खोलकर लोगों से उधार रुपये लिए और बाद में दुकान बंद कर फरार हो गया। इसके अलावा कस्बा सांडी के सर्राफा व्यापारी अरविंद कुमार ने भी आरोप लगाया कि विपिन गुप्ता और उसके सहयोगियों ने आभूषण बेचने के लिए लेकर भुगतान नहीं किया और दुकान बंद कर फरार हो गए। वहीं एक अन्य शिकायत में ग्रामीणों द्वारा गिरवी रखे गए आभूषण लेकर फरार होने का आरोप लगाया गया। इन शिकायतों के आधार पर थाना सांडी में कई मुकदमे दर्ज किए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सांडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी विपिन गुप्ता पुत्र राजपाल गुप्ता तथा प्रिंस गुप्ता पुत्र विपिन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने ₹1,06,500 नकद के अलावा हार, मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल, बाला, झुमकी, नथ, करधनी समेत कई सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद आभूषणों की पहचान कर उन्हें वास्तविक मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक बसंतराम समेत थाना सांडी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Also Read- Hardoi: 56 दिन बाद दर्ज हुई मारपीट की रिपोर्ट: क्षेत्राधिकारी के आदेश पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow