Ballia: राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु अधिकारियों व बैंक प्रबंधकों की बैठक आयोजित। 

राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से आज एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय, बलिया में एक महत्वपूर्ण

Apr 28, 2026 - 17:58
34 Views
Ballia: राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु अधिकारियों व बैंक प्रबंधकों की बैठक आयोजित। 
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु अधिकारियों व बैंक प्रबंधकों की बैठक आयोजित। 

रिपोर्ट- सैय्यद आसिफ हुसैन ज़ैदी

बलिया। आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से आज एडीआर भवन, दीवानी न्यायालय, बलिया में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया अनिल कुमार झा के आदेशानुसार संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने की।

इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनपद के विभिन्न बैंकों के प्रबंधकों के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित नगर मजिस्ट्रेट श्री आशाराम वर्मा को उनके क्षेत्राधिकार से संबंधित अधिक से अधिक वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित क्षेत्राधिकारी नगर मो. उस्मान को न्यायालयों एवं बैंकों द्वारा जारी नोटिसों/सम्मनों की अधिकतम तामील सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए, ताकि लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निपटारा हो सके। बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे एनपीए खातों से संबंधित नोटिस शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराएं, जिससे समय पर उनकी तामील कराई जा सके।

साथ ही सभी अधिकारियों से स्थानीय स्तर पर लोक अदालत का व्यापक प्रचार- प्रसार करने तथा आम जनता को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। लोगों को सुलह-समझौते के माध्यम से अपने मामलों का निस्तारण कराने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट आशा राम वर्मा, सीओ नगर मो. उस्मान, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक आशुतोष सिंह, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक राजेश कुमार, यूनियन बैंक के प्रबंधक शुभम कुमार, बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक रंजन सिंह, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रबंधक संतोष कुमार पाण्डेय एवं आलोक कुमार, तथा एलडीएम कार्यालय के सहायक अखिलेश कुमार सिंह उपस्थित रहे। हालांकि, सूचना के बावजूद इंडियन बैंक, यूको बैंक, केनरा बैंक सहित कुछ बैंकों के प्रबंधक बैठक में अनुपस्थित रहे, जिस पर असंतोष व्यक्त किया गया।

Also Read- अरविंद केजरीवाल के इर्द-गिर्द भ्रष्ट समूह का प्रभाव: सिद्धांतों से भटकाव बना पार्टी टूटने काकारण- पीयूष गोयल

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow