Mussoorie : मसूरी-देहरादून मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना, गहरी खाई में पानी का टैंकर गिरने से चालक की मौत

घटना की सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस राहत सामग्री और बचाव उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से गहरी खाई में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकाला गया और तुरंत एक नि

May 28, 2026 - 13:15
 0  10
Mussoorie : मसूरी-देहरादून मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना, गहरी खाई में पानी का टैंकर गिरने से चालक की मौत
Mussoorie : मसूरी-देहरादून मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना, गहरी खाई में पानी का टैंकर गिरने से चालक की मौत

पहाड़ों की रानी मसूरी में सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पानी के टैंकर चालक की जान चली गई। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गज्जी बैंड के समीप पानी से भरा एक टैंकर अचानक असंतुलित होकर लगभग 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और स्थानीय निवासियों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि सुबह के समय टैंकर संख्या यूए07-एल-4065 मसूरी झील से पानी भरकर शहर की तरफ आ रहा था, तभी गज्जी बैंड के पास यह हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मसूरी कोतवाली पुलिस राहत सामग्री और बचाव उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से गहरी खाई में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकाला गया और तुरंत एक निजी वाहन की मदद से मसूरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान देहरादून जिले के सहसपुर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सभा दुधई निवासी अक्षय असवाल (उम्र लगभग 25 वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह असवाल के रूप में हुई है। उप जिला चिकित्सालय के डॉक्टर प्रशांत ने बताया कि अस्पताल पहुँचने से पहले ही चालक की मौत हो चुकी थी। उनके शरीर की जाँच की गई है और सिर पर गंभीर चोट लगने को मौत की वजह माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय टैंकर में पूरी तरह पानी भरा हुआ था। हादसे की खबर मिलते ही टैंकर के मालिक साहेब सिंह थापली भी मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिवार को दे दी है। पुलिस की शुरुआती जांच में गाड़ी का संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है, फिर भी हादसे की सही वजहों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई जगहों पर तीखे मोड़, संकरी सड़कें और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने से हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस रास्ते पर क्रैश बैरियर लगाने और चेतावनी बोर्ड बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow