लखनऊ में MY भारत राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सम्मेलन: 1500+ युवाओं का महाकुंभ, डॉ. मनसुख मांडविया का विकसित भारत का मंत्र
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग ने मेरा युवा भारत (MY Bharat) के माध्यम से शुक्रवार को लखनऊ
- MY भारत राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सम्मेलन में लखनऊ में जुटे 1500 से अधिक युवा
- 'अमृतकाल के अगले 25 साल युवाओं के हैं, विकसित भारत हम देखेंगे, लेकिन उसमें युवा ही जीवन जिएंगे' : केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया
- 'नेशन फर्स्ट चैलेंज' के शीर्ष पांच विजेताओं का सम्मान, स्वयंसेवकों ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प
नई दिल्ली/लखनऊ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग ने मेरा युवा भारत (MY Bharat) के माध्यम से शुक्रवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में MY भारत राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 1500 से अधिक MY भारत युवा स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, स्वयंसेवा की भावना और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना था, ताकि वे कर्तव्य भाव, सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित भारत @2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम में MY भारत पोर्टल, नेतृत्व विकास और सामुदायिक जनसंपर्क से जुड़े ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए गए। साथ ही 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान पर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई और उत्कृष्ट युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल, उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एल.वाई., MY भारत की सीईओ डॉ. प्रियंका शुक्ला सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विकसित भारत के निर्माता बनें युवा : मांडविया
डॉ. मनसुख मांडविया ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत @2047 के निर्माण की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं पर है।
उन्होंने कहा, "अमृतकाल के अगले 25 वर्ष युवाओं के हैं। विकसित भारत हम देख सकते हैं, लेकिन विकसित भारत में जीवन आप जिएंगे। इसलिए उसका निर्माण करना आपका कर्तव्य है।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की करीब 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और यही युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक लाख ऐसे युवा नेताओं को तैयार करने के विजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नेतृत्व किसी राजनीतिक या पारिवारिक पृष्ठभूमि का मोहताज नहीं होना चाहिए, बल्कि गांव, जनजातीय क्षेत्रों, द्वीपों, कस्बों और शहरों से नए नेतृत्व का उदय होना चाहिए।
युवाओं के लिए वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म है MY भारत
डॉ. मांडविया ने कहा कि MY Bharat युवाओं के सशक्तिकरण का वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म है, जहां स्वयंसेवा, करियर के अवसर, अनुभव आधारित शिक्षा, सामुदायिक सेवा और नवाचार से जुड़ने का मौका मिलता है। उन्होंने बताया कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) के दौरान युवाओं द्वारा दिए गए कई सुझावों को केंद्रीय बजट 2026 में भी शामिल किया गया है।
हर स्वयंसेवक जोड़े 300 युवा
केंद्रीय मंत्री ने सभी MY भारत स्वयंसेवकों से अगले तीन महीनों में कम से कम 300 युवाओं को MY भारत प्लेटफॉर्म से जोड़ने और 100 सक्रिय युवा क्लबों का पंजीकरण कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "हर युवा क्लब सेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का केंद्र बने।" उन्होंने स्वयंसेवकों से गांव-गांव और घर-घर जाकर 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान को मजबूत करने तथा नशे से प्रभावित परिवारों की कहानियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य केवल सरकारी दफ्तरों में नहीं लिखा जाएगा, बल्कि देशभर के गांवों और समुदायों में काम कर रहे युवाओं के प्रयासों से तय होगा।
MY भारत बना राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम : गिरीश चंद्र यादव
उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि MY भारत युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा देने वाला प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा, "नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वयंसेवा और जनजागरूकता अभियानों के जरिए MY भारत ने युवाओं को राष्ट्र से जोड़ने का काम किया है। विकसित भारत @2047 की दिशा में यही मंच प्रमुख भूमिका निभाएगा।" उन्होंने बताया कि देशभर में 2.25 करोड़ से अधिक युवा MY भारत से जुड़े हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में पंजीकृत युवाओं की संख्या 13.5 लाख से बढ़कर 23 लाख से अधिक हो गई है। इसे उन्होंने प्रदेश के युवाओं की राष्ट्र निर्माण के प्रति बढ़ती प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
युवाओं की ऊर्जा बने बदलाव की ताकत : डॉ. पल्लवी जैन गोविल
युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने स्वयंसेवकों का स्वागत करते हुए कहा कि देश के सबसे बड़े राज्य में इतनी बड़ी संख्या में सेवा भाव से जुड़े युवाओं का एक मंच पर आना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्रीय विकास और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "जब युवा किसी उद्देश्य को अपना व्यक्तिगत संकल्प बना लेते हैं तो स्थायी बदलाव संभव होता है। विकसित भारत के निर्माण में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों की प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी निर्णायक भूमिका निभाएगी।"
'नेशन फर्स्ट चैलेंज' के विजेताओं का सम्मान
सम्मेलन के दौरान 'नेशन फर्स्ट चैलेंज' के शीर्ष पांच विजेताओं को केंद्रीय मंत्री ने सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में अभिषेक रामदास नाइकवाड़ी (महाराष्ट्र), टी. रमेश (तेलंगाना), नामरेड्डी ऋत्विक रेड्डी (तेलंगाना), स्वामीकेरी वेंकट लोकेश (आंध्र प्रदेश) और कृष्णानंद जायसवाल (उत्तर प्रदेश) रहे।
नशा मुक्त भारत का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने MY भारत पोर्टल, नेतृत्व विकास और सामुदायिक जनसंपर्क से जुड़े प्रशिक्षण सत्रों में हिस्सा लिया। वहीं 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान पर सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से नशा मुक्त भारत का संदेश दिया गया। सम्मेलन के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने 'नशा मुक्त भारत' का संकल्प लिया और देश के हर गांव, हर मोहल्ले और हर घर तक इस अभियान का संदेश पहुंचाने का प्रण दोहराया। साथ ही सेवा, कर्तव्य भाव और अनुशासन के साथ विकसित, आत्मनिर्भर और नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?




