सम्भल से सपा का भाजपा पर बड़ा हमला: बुलडोज़र, शिक्षा और संविधान पर सरकार फेल, 2027 में जनता देगी जवाब

सम्भल पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा और योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। कार्यकर्ताओं

Jul 17, 2026 - 18:49
70 Views
सम्भल से सपा का भाजपा पर बड़ा हमला: बुलडोज़र, शिक्षा और संविधान पर सरकार फेल, 2027 में जनता देगी जवाब
श्यामलाल पाल, प्रदेश अध्यक्ष सपा

उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल पहुंचे समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा और योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज में नफरत फैलाकर सत्ता में आई है और सरकार केवल पूंजीपतियों व सामंतवादी ताकतों के हित में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सम्भल दौरे और विकास परियोजनाओं के शिलान्यास पर सवाल उठाते हुए पाल ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय उसे कमजोर कर रही है। उनका कहना था कि शिक्षा किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होती है, लेकिन उत्तर प्रदेश में उसका "ध्वंस" किया जा रहा है। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समान हिस्सेदारी और आर्थिक विषमता खत्म करने के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि गठबंधन संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जरूरी है और सीटों का फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। जौहर यूनिवर्सिटी पर जारी नोटिस और बुलडोज़र कार्रवाई को लेकर भी सपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शिक्षा संस्थानों को कमजोर करना चाहती है ताकि लोग शिक्षित न हों। सम्भल में लगातार हो रही बुलडोज़र कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि भारत का संविधान धर्मनिरपेक्ष है, लेकिन भाजपा संविधान की भावना के खिलाफ काम कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुख्यमंत्री चेहरे वाले बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अंदरूनी मामला है, जबकि सपा का मुद्दा पीडीए समाज को उसका हक दिलाना है। वहीं शामली में मुख्यमंत्री योगी द्वारा सपा पर लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए श्यामलाल पाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी समान शिक्षा, सामाजिक न्याय और संविधान के रास्ते पर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

Also Read- Priya Saroj CJP Protest: सीजेपी के प्रदर्शन में शामिल हुईं सपा सांसद प्रिया सरोज, प्रदर्शनकारियों की मांगों का किया पुरजोर समर्थन

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow