Naimisharanya News: सावन अमावस्या पर नैमिषारण्य में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सावन अमावस्या के अवसर पर नैमिषारण्य में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का तांता लगेगा। गोमती स्नान, दान-पुण्य और दर्शन-पूजन के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Aug 11, 2026 - 21:42
7 Views
Naimisharanya News: सावन अमावस्या पर नैमिषारण्य में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रिपोर्ट:- सुरेंद्र मोठी INA News, संवाददाता नैमिषारण्य

श्रावण मास की अमावस्या के पावन अवसर पर प्रसिद्ध तीर्थ स्थल नैमिषारण्य में आस्था का बड़ा संगम देखने को मिलेगा। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन गोमती नदी और चक्रतीर्थ कुंड में स्नान, दान-पुण्य और भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं तथा कांवड़ियों का आगमन होता है। भीड़ की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गई है।

अमावस्या से एक दिन पहले ही ट्रेन, बसों और निजी साधनों से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो जाता है। श्रद्धालु रात में विभिन्न धर्मशालाओं और आश्रमों में रुकने के बाद तड़के गोमती नदी के राजघाट और पवित्र चक्रतीर्थ में स्नान करते हैं। इसके पश्चात धार्मिक परंपराओं के तहत जरूरतमंदों, साधु-संतों और तीर्थ पुरोहितों को अन्न तथा दक्षिणा का दान दिया जाता है।

स्नान-दान के बाद भक्त मां ललिता देवी मंदिर में शीश नवाते हैं। इसके साथ ही दक्षिणेश्वर हनुमानगढ़ी, बाबा भूतेश्वर नाथ, ललितेश्वर महादेव, तुरंतनाथ महादेव, सिद्धेश्वर नाथ महादेव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दिनभर दर्शन-पूजन का दौर चलता रहता है। पूरे धाम में हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयघोष गूंजते रहते हैं, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो जाता है।

श्रद्धालुओं की भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त कर दी गई है। प्रमुख चौराहों, घाटों और मंदिर परिसरों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

इसके अलावा यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग के विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि आने-जाने वाले यात्रियों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। जगह-जगह भंडारे और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow