NEET Controversy: देवबंद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली कूच की आशंका पर कई विपक्षी नेता नजरबंद
NEET Row: नीट परीक्षा धांधली को लेकर दिल्ली कूच की आशंका पर देवबंद में पुलिस अलर्ट। पूर्व विधायक माविया अली समेत कई विपक्षी नेता घरों में नजरबंद।
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में धांधली और शिक्षा प्रणाली में अनियमिताओं के विरोध में दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन को देखते हुए सहारनपुर जिले के देवबंद में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विपक्षी नेताओं के दिल्ली कूच करने की संभावना के चलते पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं को उनके ही घरों में नजरबंद कर दिया। इस दौरान दिनभर नेताओं के आवासों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे इलाके में राजनीतिक हलचल बढ़ गई।
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत पूर्व विधायक माविया अली, नगर पालिका सभासद हैदर अली, कांग्रेस के शामली जिला प्रभारी राहत खलील, आजाद समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष रमेश राज गौतम, समाजवादी पार्टी नेता अमित गुर्जर, मुकुल यादव, किसान नेता भगत सिंह वर्मा, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष शौर्य आंबेडकर, रवि गौतम और रविंद्र लांबा को घर से बाहर निकलने से रोक दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई पर पूर्व विधायक माविया अली ने कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति करार दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे छात्रों के समर्थन में आवाज उठाने वालों को बिना किसी लिखित आदेश के नजरबंद किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
वहीं कांग्रेस नेता राहत खलील ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की बात करना कोई गुनाह नहीं है। शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है और बल प्रयोग के जरिए जनभावनाओं को नहीं दबाया जा सकता। इस मामले पर क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने स्थिति साफ करते हुए कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से यह सुरक्षात्मक कदम उठाया गया है। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और इलाके में पूरी तरह शांति बनी हुई है।
Also Click : यूपी में दिव्यांगजनों को दुकानों के आवंटन में मिलेगा 5 प्रतिशत आरक्षण, राज्य सलाहकार बोर्ड की बैठक में कई बड़े फैसले
What's Your Reaction?




