Sambhal: लौह पुरुष पटेल की 150वीं जयंती पर सम्भल पुलिस ने निकाली रन फॉर यूनिटी, बहजोई में एकता, अखंडता और समरसता का संदेश।
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सम्भल पुलिस द्वारा बहजोई में रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन
उवैस दानिश, सम्भल
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सम्भल पुलिस द्वारा बहजोई में रन फॉर यूनिटी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के भाव को सशक्त करना रहा।
रन फॉर यूनिटी का शुभारंभ उत्तर प्रदेश की माननीय माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर जनपद के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षी, एनसीसी कैडेट्स, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं और सम्भ्रांत नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। दौड़ का प्रारंभ रोडवेज बस स्टैंड बहजोई से हुआ, जो एस.डी. रिसोर्ट चंदौसी रोड पर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “एक भारत-श्रेष्ठ भारत”, “देश की एकता हमारी जिम्मेदारी” और “सरदार पटेल अमर रहें” जैसे जोशीले नारों से वातावरण को देशभक्ति और एकता के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता, समर्पण और सेवा का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने स्वतंत्र भारत को एक सूत्र में पिरोने का जो कार्य किया, वह हमेशा देशवासियों के लिए मार्गदर्शन रहेगा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ लेकर देश की एकता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर एस. डी. रिसोर्ट में सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला गया। पुलिस अधिकारियों और आमजन ने मिलकर राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दोहराई। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सम्भल आलोक कुमार, क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात दीपक तिवारी सहित पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी, पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल सरदार पटेल के आदर्शों को नमन करने का अवसर बना, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और राष्ट्रप्रेम का सशक्त संदेश भी दे गया।
Also Read- Lucknow: जेवर एयरपोर्ट शुभारंभ: मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी से नोएडा इंटरनेशनल तक आसान पहुंच।
What's Your Reaction?











