Hardoi: स्कूल वाहनों के चालकों का 25 अगस्त तक पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य
जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय यान समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश, मानकों का पालन न करने वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई
Hardoi: जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय यान समिति की बैठक में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक में स्कूली वाहनों की सुरक्षा, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र तथा वाहन चालकों के पुलिस सत्यापन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूलों में संचालित सभी वाहनों के चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन 25 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। इसके साथ ही सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख नियमानुसार पूर्ण एवं वैध रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों द्वारा अभी तक वाहनों का बीमा, फिटनेस, परमिट, प्रदूषण प्रमाणपत्र अथवा वाहन चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया है, ऐसे विद्यालयों को तत्काल नोटिस जारी कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए। मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के विरुद्ध सीज/निरुद्ध करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्कूल वाहनों की जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी वाहन बिना वैध फिटनेस, परमिट, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाणपत्र के संचालित न हो।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एआरटीओ द्वारा समय-समय पर दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित न कराने, शासन स्तर पर संचालित अभियानों में अपेक्षित रुचि न लेने तथा शिथिल पर्यवेक्षण पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एआरटीओ के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन एवं जिला स्तर से जारी निर्देशों तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित अभियानों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सीओ सिटी, सभी स्कूलों के प्रबंधक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







