Hardoi News: अभ्यास-वैराग्य से मन पर नियंत्रण, अहंकार बनता है पतन का कारण: आचार्य संतोष भाई जी
गल्ला मंडी स्थित श्री राम जानकी मंदिर में पितृपक्ष के अवसर पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के तृतीय दिवस कथा व्यास आचार्य
हरदोई। गल्ला मंडी स्थित श्री राम जानकी मंदिर में पितृपक्ष के अवसर पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के तृतीय दिवस कथा व्यास आचार्य संतोष भाई जी ने श्रद्धालुओं को मन के नियंत्रण, अहंकार के त्याग और भगवान की भक्ति का महत्व बताया। आचार्य संतोष भाई जी ने कहा कि मनुष्य के लिए मन पर नियंत्रण करना कठिन अवश्य है, लेकिन अभ्यास और वैराग्य के माध्यम से मन को नियंत्रित किया जा सकता है। भगवान कपिल ने माता देवहुती को मन को नियंत्रित करने तथा जीवन को आध्यात्मिक दिशा देने के लिए महत्वपूर्ण उपदेश दिए थे। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और संसार के विषयों से वैराग्य ही मनुष्य को आत्मिक शांति की ओर ले जाता है।
अहंकार को व्यक्ति के पतन का प्रमुख कारण बताते हुए आचार्य जी ने दक्ष प्रजापति का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि भगवान शिव के ससुर दक्ष प्रजापति को अपने पद और प्रतिष्ठा का अहंकार हो गया था। अहंकार के कारण उन्होंने भगवान शिव का अपमान किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें अपना सिर गंवाना पड़ा। उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि मनुष्य को पद, प्रतिष्ठा, धन अथवा ज्ञान का कभी अहंकार नहीं करना चाहिए।
कथा में बालक ध्रुव के चरित्र का वर्णन करते हुए आचार्य जी ने कहा कि मात्र पांच वर्ष की अवस्था में बालक ध्रुव ने दृढ़ संकल्प, तपस्या और भगवान की भक्ति के बल पर भगवान को प्राप्त कर लिया। ध्रुव का चरित्र यह संदेश देता है कि भगवान की प्राप्ति के लिए आयु नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प और सच्ची भक्ति आवश्यक है।
उन्होंने राजा उत्तानपाद के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भोग और मोह में फंसे रहने के कारण राजा उत्तानपाद समय रहते अपने पुत्र के साथ न्याय नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि सांसारिक मोह और भोग-विलास मनुष्य के विवेक को प्रभावित कर सकते हैं, इसलिए जीवन में धर्म और कर्तव्य को सर्वोच्च स्थान देना चाहिए।
कथा के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण किया। कथा के विश्राम के पश्चात विधिवत आरती की गई। इस अवसर पर गुलशन गुप्ता, पंकज गुप्ता, अरुण गुप्ता, राजेंद्र भाई पटेल, अपूर्व माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तजन उपस्थित रहे।
Also Read- Awarapan Sequel Box Office: 19 साल बाद लौटा इमरान हाशमी का जादू, 200 करोड़ क्लब की ओर बढ़ी फिल्म
What's Your Reaction?