Hardoi News: वार्ड बॉय के सहारे चल रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र- मौके पर नहीं मिला कोई जिम्मेदार, मरीज हलकान। 

डबल इंजन की सरकार में जहां एक और प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी द्वारा जनता के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई...

Apr 4, 2025 - 14:38
 0  121
Hardoi News: वार्ड बॉय के सहारे चल रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र- मौके पर नहीं मिला कोई जिम्मेदार, मरीज हलकान। 

रिपोर्ट- अभिषेक त्रिवेदी अरवल

श्रीमऊ/ सांडी। डबल इंजन की सरकार में जहां एक और प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी द्वारा जनता के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, वही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से जहां एक और आम आदमी को 5 लाख के मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

वहीं दूसरी ओर गांवों में स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति कर आरोग्य मंदिर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आवश्यकता अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक स्वास्थ्य भी खोले जा रहे हैं। परंतु इन स्वास्थ्य केंद्रों में जिन जिम्मेदारों की नियुक्ति है उनके द्वारा ही अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन न करके अपनी ड्यूटी से नदारद रहने का काम किया जा रहा है।

ताजा मामला ग्राम श्रीमऊ ब्लाक सांडी में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां आज संवाददाता द्वारा दी जाती सुविधाओं का स्थलीय सत्यापन किया गया, तो पता चला कि समूचा स्वास्थ्य केंद्र एक वार्ड बॉय के सहारे चल रहा है। हालांकि इस स्वास्थ्य केंद्र की शिकायतें काफी समय से मिल रही थी परंतु आज मौके पर जाकर देखा गया तो सारी शिकायतें अक्षरशः सत्य निकलीं।

पूरे स्वास्थ्य केंद्र में केवल सुशील कुमार जो वार्ड बॉय के पद पर कार्यरत है, मौके पर मिला। सुशील से जब स्टाफ के संबंध में जानकारी ली गई ,तो सुशील ने बताया कि पूरे स्वास्थ्य केंद्र में चार लोगों का स्टाफ है जिनमें डॉक्टर गौरव, फार्मासिस्ट राजेश कुमार, स्वयं सुशील कुमार वार्ड बॉय एवं सुमित कुमार स्वीपर के पद पर कार्यरत है।

मौके पर चार लोगों के स्टाफ में केवल वार्ड बॉय सुशील कुमार मिला, जिसने बताया कि डॉक्टर गौरव महीने में कभी-कभी आते हैं और मरीजों को फार्मासिस्ट राजेश कुमार देखते हैं जो आज नहीं है। वार्ड बॉय द्वारा यह भी बताया गया कि फार्मासिस्ट की नाइट ड्यूटी थी, जिसकी वजह से वह ड्यूटी पर नहीं आ सके हैं। जब वार्ड बॉय से पूछा गया कि फार्मासिस्ट क्या छुट्टी पर हैं, तो उसने बताया नहीं। स्वीपर भी स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद नहीं मिला है, इसके बारे में पूछने पर वार्ड बॉय ने बताया कि वह कहीं काम से गया है। आने वाले मरीजों से जानकारी की गई, तो उन्होंने बताया की फार्मासिस्ट के द्वारा ही उन्हें दवा दी जाती है, डॉक्टर से उनकी मुलाकात कभी नहीं हुई।

Also Read- Hardoi News: CDO ने ग्रामीण चौपाल में सुनीं जनसमस्याएं- आंगनवाड़ी कार्यकत्री के विरूद्ध कार्यवाही के दिए निर्देश।

ग्राम देवकली मजरा जिगनी से बुखार एवं शरीर में दर्द की दवा लेने आए लालाराम पुत्र दीपा ने बताया कि वह 2 किलोमीटर से दवा लेने आए हैं लेकिन डॉक्टर के मौजूद न होने से उन्हें निराश होकर वापस जाना पड़ रहा है वहीं नीरज गुप्ता पुत्र शिवराज जो अपनी पत्नी सोनी की बुखार की दवा लेने ग्राम फदुल्लापुर से आए थे उन्हें भी दवा न मिलने से निराशा प्राप्त हुई और वह वापस अपने घर को चले गए। ग्राम खिम्मापुरवा निवासी राम अवतार भी दवा लेने आए थे, लेकिन किसी भी जिम्मेदार के न मिलने से उन्हें भी निराश होकर वापस जाना पड़ा।

जीरो टॉलरेंस की नीति पर चल रही भाजपा सरकार एवं क्षेत्र के विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू जिनके प्रयास से इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हुआ है, की योजनाओं को पलीता लगा रहे ऐसे चिकित्सा स्टाफ के बारे में क्या ही कहा जाए। पूरे चिकित्सा केंद्र में गंदगी का अंबार है और बड़ी-बड़ी घास खड़ी है। सोचने वाली बात है कि स्वीपर की नियुक्ति होने के बाद भी परिसर की सफाई नहीं होती है क्योंकि जब डॉक्टर ही नहीं आएंगे तो परिसर का हाल तो ऐसा ही होगा। अब देखना है कि उच्च अधिकारी इस खबर पर कार्यवाही करते हैं या मामला निपटा लेते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।