Hardoi: सैदूपुर मिलन उत्सव-2025 का आयोजन कर पुराने दिनों को याद किया।
जनपद हरदोई के विकास खण्ड-बेहन्दर की हरदोई रोड स्थित ग्राम पंचायत समोधा का मजरा सैदूपुर कल एक अलग ही कार्यक्रम का साक्षी बना। बीसियों सालों पहले जो लोग इस
रिपोर्ट- मुकेश सिंह
जनपद हरदोई के विकास खण्ड-बेहन्दर की हरदोई रोड स्थित ग्राम पंचायत समोधा का मजरा सैदूपुर कल एक अलग ही कार्यक्रम का साक्षी बना। बीसियों सालों पहले जो लोग इस सैदुपुर गांव को छोड़ कर अपना व अपने बच्चों का करियर बनाने के उद्देश्य से मुंबई, दिल्ली, लखनऊ, पुणे आदि जाकर बस गये थे, उन्होंने सैदूपुर मिलन उत्सव-2025 नाम से एक कार्यक्रम का मिलकर आयोजन कराया, जिसके सूत्रधार बने यश भारती सम्मानित अंतर्राष्ट्रीय स्तर के विख्यात हास्य कवि व स्माइलमैन नाम से प्रसिद्ध सर्वेश अस्थाना, जिनका भी सैदूपुर पैतृक गांव है। कार्यक्रम में सहायक रहे गांव के निवासी विनोद शुक्ला व नवयुवक गौरव आदि। यह जनपद में अपने तरह का पहला व अनोखा कार्यक्रम था, जिसमें सौ से भी अधिक परिवारों के 300 से भी अधिक लोगों ने प्रतिभाग किया और बीसियों सालों बाद एक-दूसरे से मिले। साथ में पुराने दिनों को व गांव की पुरानी मिट्टी को याद किया। साथ में खाना खाया, गांव घूमे और आल्हा गायन जैसे ग्रामीण सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
इस कार्यक्रम में भाजपा मिश्रिख सांसद अशोक रावत, उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति के सभापति MLC अशोक अग्रवाल, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्षा व प्रदेश कार्यसमिति सदस्या, भाजपा महिला मोर्चा, उत्तर प्रदेश संतोष अस्थाना, पूर्व ब्लॉक प्रमुख, सण्डीला व प्रमुख संघ, हरदोई के संरक्षक कुंवर वीरेंद्र सिंह, पूर्व सैन्य अधिकारी कर्नल (रि.) आदित्य प्रताप, लखनऊ स्थित हाईकोर्ट बिल्डिंग के डिजाइनर रिटायर्ड चीफ आर्किटेक्ट कमलाकांत अस्थाना, प्रसिद्ध कवि मुकुल महान, नवयुग डिग्री कॉलेज की पूर्व प्राचार्य सृष्टि अस्थाना, स्थानीय निवासी व लखनऊ में चार्टर्ड एकाउंटेंट शशांक मिश्रा, आजतक चैनल के पूर्व पत्रकार गोपाल शुक्ला, प्रेस क्लब सण्डीला के अध्यक्ष मुकेश सिंह, उपाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह, अपर कार्यक्रम अधिकारी, विकास खण्ड-बेहन्दर आलोक कुमार अस्थाना सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे व सभी गणमान्य का कार्यक्रम आयोजक सर्वेश अस्थाना ने शाल ओढ़ाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम आयोजक सर्वेश अस्थाना ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य अपने पुराने दिनों की याद को ताजा कर अपने पुराने साथियों से मिलना था। यहां के जो लोग अब अन्य जगह बस चुके हैं, उन्होंने अपनी जन्मभूमि रूपी ग्राम पंचायत में अपने जीर्ण-शीर्ण हो चूकी पुरखों के घरों को फिर से देखकर पुराने दिनों को याद किया व संकल्प लिया कि यहां कम से कम एक कमरे का घर फिर से बनवायेंगे व साल में कुछ दिन अपने गांव में भी बितायेंगे, ताकि पुरखों की जमीन से सदैव जुड़ाव बना रहे।
मिश्रिख सांसद अशोक रावत ने कहा कि इस कार्यक्रम में आकर बहुत सुखद अहसास हो रहा है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि लोग आज भी अपने पैतृक गांव से जुड़ाव महसूस कर रहे हैं और इस प्रकार के बेहतरीन कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश विधान परिषद याचिका समिति के सभापति अशोक अग्रवाल ने कहा कि आगे भी आप लोग ऐसे ही आयोजन करते रहें और अपनी जन्मभूमि को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करते रहें। उन्होंने कार्यक्रम आयोजक सर्वेश अस्थाना को इस कार्यक्रम के लिए बधाई दी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सण्डीला कु.वीरेन्द्र सिंह ने ग्राम पंचायत की सर्वाधिक बुजुर्ग महिला व पुरुष को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
भारतीय सेना के पूर्व सैन्य अधिकारी कर्नल (रि.) आदित्य प्रताप सिंह ने इस अलहदा कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि मैं भी गांव से ही जुड़ा हूं, लेकिन ऐसा कार्यक्रम पहली बार देख रहा हूं। साथ पढ़ने वाले लोग रियूनियन करते हैं, लेकिन एक पूरे गांव के लोग बिना किसी स्वार्थ के एक साथ एकत्रित हुए, यह वास्तव में अलग अनुभव है। वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व प्रदेश उपाध्यक्षा भाजपा महिला मोर्चा उत्तर प्रदेश संतोष अस्थाना ने बताया कि उनके पिताजी का एक मकान यहां भी है और उनके बचपन के कुछ साल यहां बीते हैं। यहां आकर पुराने दिनों को याद करना व पुराने साथियों से मिलना एक अलग सुखद अनुभव है। इस अवसर पर विख्यात कवि मुकुल महान व अपर कार्यक्रम अधिकारी, बेहन्दर व कवि आलोक कुमार अस्थाना ने अपनी अपनी कविताओं से समां बांध दिया।
कार्यक्रम सुबह आठ बजे से रात सात बजे तक चला। अंत में सभी लोग फिर इसी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करने की कामना व संकल्प के साथ विदा हुए। हालांकि यह कार्यक्रम समाप्त हो गया है लेकिन यह बहुत से उन लोगों को जरूर प्रेरणा देगा, जो अपने गांव से कटकर अपनी जन्मभूमि को भूल चुके हैं।
Also Read- Hardoi : डॉक्टर हरिशंकर मिश्र लॉ कॉलेज में विधिक सेवा दिवस पर जागरूकता शिविर आयोजित
What's Your Reaction?









