Saharanpur : डिजिटल स्व-गणना का आगाज, महापौर ने ऑनलाइन जानकारी भरकर किया शुभारंभ
नगर जनगणना अधिकारी और अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने जानकारी दी कि स्व-गणना की यह प्रक्रिया 21 मई तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि मोबाइल से स्व-गणना करना काफी सरल है और इसके लिए मात्र आठ चरणों का पालन करना होता है। प्रक्रिया के अनुसा
सहारनपुर में जनगणना-2027 के अंतर्गत डिजिटल स्व-गणना अभियान की शुरुआत हो गई है। नगर के प्रथम नागरिक और महापौर डॉ. अजय कुमार ने अपने आवास पर मोबाइल के जरिए अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर इस कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने बताया कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही सरकार भविष्य की कल्याणकारी योजनाएं तैयार करती है, इसलिए सही जानकारी देना बेहद जरूरी है।
नगर जनगणना अधिकारी और अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने जानकारी दी कि स्व-गणना की यह प्रक्रिया 21 मई तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि मोबाइल से स्व-गणना करना काफी सरल है और इसके लिए मात्र आठ चरणों का पालन करना होता है। प्रक्रिया के अनुसार, सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, जिसे ओटीपी के माध्यम से प्रमाणित किया जाएगा। इसके बाद अपनी पसंद की भाषा चुनकर पता, जिला, शहर और मकान नंबर की जानकारी देनी होगी। नक्शे पर अपने घर की पहचान करने के बाद, घर की स्थिति, बिजली, पानी, शौचालय, टीवी और इंटरनेट जैसी सुविधाओं से जुड़े करीब 33 सवालों के जवाब देने होंगे।
फॉर्म जमा करने के बाद मोबाइल स्क्रीन पर सफलता का संदेश आएगा और एक विशिष्ट आईडी प्राप्त होगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना अनिवार्य है, क्योंकि जब जनगणना कर्मचारी घर आएंगे, तो उन्हें केवल यह आईडी दिखानी होगी और दोबारा कोई जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अधिकारियों ने साफ किया कि इस प्रक्रिया के दौरान दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गुप्त रखी जाएंगी।
Also Click : लग्जरी कार से आए और करोड़ों के जेवर समेट ले गए शातिर, पुलिस ने 5 करोड़ का माल और पिस्टल बरामद कर सबको चौंकाया
What's Your Reaction?


