सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, मुरादाबाद के दो युवकों की मौत
सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर तल्हेड़ी बुजुर्ग के पास खड़े ट्रक में बाइक घुसने से मुरादाबाद के दो युवकों की मौत हो गई। दोनों काम के लिए हिमाचल जा रहे थे।
सहारनपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, काम की तलाश में हिमाचल जा रहे मुरादाबाद के दो कारपेंटर की मौत
सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर तल्हेड़ी बुजुर्ग के पास सुबह के समय एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ रास्ते में खड़े एक ट्रक से पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। इस भीषण टक्कर में बाइक पर सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक पेशे से कारपेंटर (बढ़ई) थे और रोजगार के सिलसिले में हिमाचल प्रदेश जा रहे थे।
मुरादाबाद से बाइक पर सवार होकर कमरे आलम (29) और तैयब अली (27) तड़के लगभग तीन बजे हिमाचल प्रदेश के लिए निकले थे। जब वे सुबह करीब आठ बजे तल्हेड़ी बुजुर्ग में एक बैंक के पास पहुंचे, तभी उनकी अनियंत्रित बाइक सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिर पर हेलमेट होने के बावजूद दोनों युवकों की जान नहीं बच सकी और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक अपने वाहन समेत मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच अधिकारी लोकेश सिंह ने बताया कि मृतकों के पास मिले पहचान पत्रों के आधार पर उनकी शिनाख्त की गई है। कमरे आलम मुरादाबाद के जैतवारा थाना क्षेत्र के अहमदनगर गांव का रहने वाला था, जबकि तैयब अली वीरपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर खुर्द गांव का निवासी था। पुलिस को एक मृतक की जेब में रखे मोबाइल से परिजनों का नंबर मिला, जिसके बाद उनके परिवार वालों से संपर्क कर इस दुखद घटना की जानकारी दी गई है।
What's Your Reaction?




