सहारनपुर पुलिस का बिहार में बड़ा एक्शन: जाली सिक्के मामले में फरार वांछित मधुबनी से गिरफ्तार
सहारनपुर की कोतवाली नगर पुलिस ने जाली सिक्के बनाने व चलाने के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त मिथलेश चौरसिया को बिहार के मधुबनी जिले से गिरफ्तार किया है।
सहारनपुर। नकली सिक्के बनाने और उन्हें बाजार में खपाने के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को सहारनपुर की थाना कोतवाली नगर पुलिस ने बिहार से धर दबोचा है। अंतरराज्यीय स्तर पर की गई इस त्वरित कार्रवाई से जाली मुद्रा के नेटवर्क से जुड़े अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देशन में अपराधियों एवं वांछितों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे सघन अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) और क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम (सीओ सिटी प्रथम) के निकट पर्यवेक्षण में यह सफलता हासिल की गई।
प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार कौशिक के नेतृत्व में गठित कोतवाली नगर पुलिस की विशेष टीम ने सर्विलांस और सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से बिहार के मधुबनी जिले में दबिश दी। पुलिस टीम ने स्थानीय सहयोग से थाना राजनगर क्षेत्र अंतर्गत लड्डूगांव वार्ड संख्या 10 में घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त मिथलेश चौरसिया पुत्र धौरन राउत को उसके पैतृक निवास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त मिथलेश चौरसिया थाना कोतवाली नगर में दर्ज जाली सिक्के बनाने एवं चलाने से जुड़े मुकदमे में नामजद वांछित चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए उसे ट्रांजिट रिमांड प्रक्रिया के तहत समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
इस अंतरराज्यीय धरपकड़ अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक इकबाल, उप निरीक्षक राकेश कुमार और कांस्टेबल अरुण कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।
What's Your Reaction?

