Sambhal : सम्भल में अवैध अतिक्रमण पर एक्शन, नगरपालिका का बुलडोज़र फिर चला
फव्वारा चौक पर करीब एक साल पहले भी बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, जिसमें कई दुकानों के अवैध हिस्से तोड़े गए थे। उस समय प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी
Report : उवैस दानिश, सम्भल
नगर पालिका ने चंदौसी के फव्वारा चौक क्षेत्र में दुकानों के सामने किए गए अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कई संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। गुरुवार को चली इस कार्रवाई में दुकानदारों द्वारा फुटपाथ और सड़क की ओर बढ़ाए गए स्लैब तथा सीढ़ियों को नगरपालिका के बुलडोज़र ने तोड़कर हटाया। नगर पालिका टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की बाधा न आए।
फव्वारा चौक पर करीब एक साल पहले भी बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी, जिसमें कई दुकानों के अवैध हिस्से तोड़े गए थे। उस समय प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इसके बावजूद समय बीतने के साथ कुछ दुकानदारों ने फिर से फुटपाथ और सड़क पर कब्जा कर लिया था, जिसके बाद नगरपालिका ने दोबारा कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया। स्थानीय दुकानदारों ने अभियान का स्वागत किया है। एक व्यापारी ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जरूरी है ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
हालांकि उन्होंने यह भी आग्रह किया कि ऐसी कार्रवाई में किसी तरह का भेदभाव न हो और सभी पर समान रूप से नियम लागू किए जाएं। नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और चेतावनी के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Click : Lucknow : एस आई आर डी मे विभिन्न विषयो पर विशेषज्ञो द्वारा दिया जा रहा है प्रशिक्षण
What's Your Reaction?











