सम्भल में कोर्ट के आदेश पर डॉक्टर उमर गिरफ्तार, मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश
सम्भल में गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद नखासा पुलिस ने डॉक्टर उमर को गिरफ्तार किया। जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद अदालत में पेश किया गया।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
- गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस की कार्रवाई, नखासा थाने से जुड़ा है मामला
सम्भल में न्यायालय के आदेश के बाद डॉक्टर मोहम्मद उमर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस डॉक्टर उमर को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया। यह मामला सम्भल के थाना नखासा क्षेत्र से जुड़ा है। डॉक्टर उमर पुत्र इरशाद हुसैन, खान हॉस्पिटल, ग्राम सालारपुर कला, जिला सम्भल के निवासी बताए गए हैं।

दस्तावेजों के अनुसार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सम्भल स्थित चन्दौसी की अदालत में नजारुल बनाम डॉ. मोहम्मद उमर एवं अन्य का मुकदमा विचाराधीन है। मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 304 का उल्लेख किया गया है। अदालत की ओर से 8 अक्टूबर 2026 को डॉक्टर उमर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वारंट में थाना नखासा पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने का निर्देश दिया गया था।

इससे पहले 31 अगस्त 2026 के न्यायालयी आदेश में भी आरोपी के खिलाफ जारी गैर जमानती वारंट का उल्लेख करते हुए संबंधित थाना प्रभारी को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए थे। आदेश में आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए 29 सितंबर 2026 की तारीख निर्धारित की गई थी। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डॉक्टर उमर का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया और उन्हें न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार होगी।
What's Your Reaction?

