Sambhal : सम्भल नगरपालिका में गूंजे ढोल-नगाड़े: 5 मनोनीत सदस्यों ने ली शपथ, विकास को मिलेगी नई रफ्तार
इस मौके पर उपजिलाधिकारी निधि पटेल ने कहा कि शासन द्वारा नामित ये सदस्य जनता, प्रशासन और नगर पालिका के बीच मजबूत कड़ी का काम करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये सभी सदस्य अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए क्षेत्र के विकास में अहम
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल नगर पालिका परिषद सभागार में सोमवार को मनोनीत सदस्यगणों का शपथ ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह भव्य तरीके से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब मनोनीत सदस्य ढोल-नगाड़ों के साथ नगर पालिका पहुंचे।
उपजिलाधिकारी निधि पटेल ने सभी पांच नामित सदस्यों सुरेश अटल, सय्यद शान अली, गोपाल शर्मा, शोभित गुप्ता, आलोक भारती को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी निधि पटेल ने कहा कि शासन द्वारा नामित ये सदस्य जनता, प्रशासन और नगर पालिका के बीच मजबूत कड़ी का काम करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये सभी सदस्य अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि सम्भल के विकास के लिए शासन स्तर से कई योजनाओं के लिए धनराशि प्राप्त हो चुकी है, जिससे आने वाले समय में तेजी से विकास कार्य होंगे। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी हरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी के समर्पित और पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मान देते हुए प्रदेश सरकार ने इन पांच सभासदों को नामित किया है।
उन्होंने सभी नव-नियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि ये सभासद नगर पालिका के विकास में सकारात्मक सुझाव देकर क्षेत्र को नई दिशा देंगे और पार्टी की नीतियों को मजबूती देंगे।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका सभागार में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। पूरे आयोजन में उत्साह और उम्मीद की झलक साफ देखने को मिली, जो सम्भल के विकास की नई कहानी लिखने का संकेत दे रही है।
What's Your Reaction?









