सम्भल में पासपोर्ट सुविधा के बाद अब मुरादाबाद से हज फ्लाइट की मांग, 2027 में उड़ान का दावा
सम्भल में पासपोर्ट केंद्र बनने के बाद मुरादाबाद से सीधी हज फ्लाइट शुरू करने की मांग। स्थानीय नेताओं ने सम्भल-दिल्ली रेल मार्ग की सुविधा देने की भी उठाई आवाज।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में पासपोर्ट बनवाने की सुविधा मिलने के बाद अब मुरादाबाद से हज यात्रियों के लिए सीधी फ्लाइट शुरू कराने की मांग उठी है। एक स्थानीय नेता ने दावा किया कि लखनऊ में मंत्री दानिश अली आजाद से मुलाकात के दौरान मुरादाबाद से हज उड़ान शुरू कराने का मुद्दा उठाया गया। उनके मुताबिक, मंत्री ने वर्ष 2027 में मुरादाबाद से हज यात्रियों की उड़ान शुरू होने की संभावना जताई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।
उन्होंने कहा कि पहले सम्भल के मुस्लिम भाइयों और मौलवियों को पासपोर्ट बनवाने के लिए बरेली, बदायूं या लखनऊ जाना पड़ता था, लेकिन अब सम्भल में ही पासपोर्ट बनवाने की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को राहत मिल रही है। नेता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार आयुष्मान कार्ड समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए लोगों को लाभ पहुंचा रही है।
उन्होंने सम्भल से दिल्ली के लिए रेलवे सुविधा शुरू कराने की मांग भी उठाई और कहा कि अगर सम्भल को दिल्ली से जोड़ने वाली रेल सेवा मिल जाए तो क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। राजनीतिक बयान देते हुए उन्होंने दावा किया कि इस बार मुस्लिम समाज ने मन बना लिया है और सम्भल जिले की चारों विधानसभा सीटें उनकी पार्टी के खाते में जाएंगी। उनके इस बयान ने जिले की सियासत में चुनावी चर्चाओं को हवा दे दी है। अब देखना होगा कि मुरादाबाद से हज उड़ान और सम्भल से दिल्ली रेल सेवा की मांग पर सरकार की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।
What's Your Reaction?