संडीला में राष्ट्रीय पोषण माह पर समारोह, नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बांटे गए नियुक्ति पत्र

संडीला तहसील सभागार में राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और मानदेय वृद्धि की जानकारी दी।

By INA News Desk
Sep 9, 2026 - 21:47
35 Views
संडीला में राष्ट्रीय पोषण माह पर समारोह, नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बांटे गए नियुक्ति पत्र

पोषण माह में संडीला तहसील सभागार में गूंजा पोषण का संदेश, नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र

रिपोर्टर : मुकेश सिंह सोमवंशी

संडीला- हरदोई। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत संडीला तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान, पोषण जागरूकता और बाल विकास को लेकर महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संडीला विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने की। इस दौरान नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए।

अयोध्या धाम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने कहा कि प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान, हित और कल्याण के लिए लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी

विधायक अलका सिंह अर्कवंशी ने कार्यक्रम में जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी कर उन्हें बड़ी सौगात दी है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8,000 रुपये से बढ़ाकर 12,000 रुपये तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4,000 रुपये से बढ़ाकर 6,000 रुपये किया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मनोबल को बढ़ावा मिलेगा। दोनों ही वर्ग बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

नन्हे-मुन्नों का अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई

पोषण माह के अवसर पर कार्यक्रम में अन्नप्राशन और गोद भराई संस्कार भी कराया गया। निर्धारित आयु पूरी कर चुके नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें मातृत्व एवं शिशु पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

इस दौरान महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा प्रसव के बाद नवजात शिशु की उचित देखभाल और स्तनपान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और मजबूत नींव के लिए शुरुआती वर्षों में उचित पोषण एवं देखभाल को बेहद जरूरी बताया गया।

पोषण माह में स्वस्थ परिवार का संदेश

कार्यक्रम में पोषण माह के उद्देश्यों पर भी चर्चा की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार, बच्चों की वृद्धि एवं विकास की निगरानी, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण, स्तनपान, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया जाता है।

स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों के उपयोग, बच्चों को पौष्टिक भोजन देने और कुपोषण से बचाव के उपायों के प्रति परिवारों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों और आंगनबाड़ी टीम की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में एसडीएम नारायणी भाटिया, बीडीओ गौरी राठौर, सुपरवाइजर मनीषा भारती, विभा शुक्ला, शेषमती, रेखा रानी, पूजा आनंद, रेखा, अंजली समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं कार्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

नव-नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति-पत्र मिलने पर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। विधायक एवं अधिकारियों ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने और पोषण एवं बाल विकास के क्षेत्र में पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement