Shamli CM Yogi Visit: शामली में जनसभा के दौरान सीएम योगी ने भीड़ में खड़े युवक को मंच पर बुलाया, दिया आशीर्वाद
Shamli News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली में जनसभा के दौरान अपना चित्र लिए खड़े युवक को मंच पर बुलाकर आशीर्वाद दिया और कैराना पीएसी परिसर का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामली जिले के दौरे पर रहे, जहां जनसभा के दौरान एक भावुक कर देने वाला पल देखने को मिला। जनसभा में पंडाल के भीतर मंच के सामने एक युवक मुख्यमंत्री का हाथ से बनाया हुआ चित्र लेकर खड़ा था और उसे मंच की तरफ दिखा रहा था। अपना संबोधन पूरा करने के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री की नजर उस युवक पर पड़ी, उन्होंने तुरंत सुरक्षाकर्मियों को निर्देश देकर उसे मंच पर बुलवा लिया। मंच पर पहुंचकर युवक ने भावुक होते हुए मुख्यमंत्री को वह चित्र भेंट किया और उनके पैर छुए। मुख्यमंत्री ने बड़ी आत्मीयता से उससे बातचीत की, उसे उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया और उसकी पीठ थपथपाकर उसका हौसला बढ़ाया।
शामली में आयोजित मुख्य कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने कैराना में बन रहे पीएसी परिसर का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्यों की बारीकी से प्रगति जानी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और पूरा परिसर तय समयसीमा के भीतर बनकर तैयार हो जाना चाहिए ताकि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। इसके बाद वे जनसभा स्थल पहुंचे जहां विकास कार्यों की समीक्षा के साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाया गया।
जनसभा स्थल पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके नए सफर की शुरुआत कराई। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, गाड़ियों की चाबियां और स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए। सम्मानित होने वाले प्रमुख लाभार्थियों में रूबी और निगम को आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री का नियुक्ति पत्र मिला। कृषि यंत्र योजना के तहत जय सिंह को ट्रैक्टर की चाबी, जबकि राजपाल, सुनीता और ब्रजेश को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की चाबी व स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से गीता को पांच करोड़ रुपये से अधिक का चेक दिया गया, जबकि सरिता व अनिता को आत्मनिर्भर बनने के लिए ई-रिक्शा की चाबी मिली। युवा स्वरोजगार और उद्यम विकास योजनाओं के अंतर्गत निशांत जैन को 25 लाख और नाजिम को 3.31 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा नौशिदा को पेंशन योजना और अक्षिता जैन व निकिता चौधरी को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत सहायता पत्र देकर लाभांवित किया गया। इस पूरे आयोजन में जिले के आला अधिकारियों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
Also Click : आषाढ़ में समृद्धि, कपि, ऊर्जा और समरस वन स्थापित करेगा वन विभाग, 18 जुलाई को हर विकास खंड में स्थापित होगा समृद्धि वन
What's Your Reaction?