Shamli Yogi Adityanath Rally: शामली और कैराना को 581 करोड़ की सौगात, सीएम योगी बोले- पहले 12 बजे उठने वाले सरकार चलाते थे, अब भोर से होता है काम
Shamli News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली, कैराना और थानाभवन को 581 करोड़ रुपये की सौगात देते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और सुरक्षा व्यवस्था पर बात की।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से को बुनियादी ढांचे और उद्योगों की नई सौगात देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली जिले का दौरा किया। उन्होंने कैराना, शामली और थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों के लिए 581 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में कुछ लोग दोपहर 12 बजे सोकर उठते थे और उनके पास जनता के सुख-दुख के लिए फुर्सत नहीं थी, जबकि वर्तमान सरकार भोर में चार बजे से ही जनता के कल्याण के लिए काम करना शुरू कर देती है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि एक दशक पहले जो शामली भय का पर्याय बना हुआ था, आज वह तीन-तीन बड़े एक्सप्रेसवे का संगम और विकास का एक बड़ा केंद्र बन चुका है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और गन्ने की राजनीति पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2007 से 2017 के बीच प्रदेश की 29 चीनी मिलें बंद कर दी गई थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने बंद पड़ी मिलों को दोबारा शुरू कराया और आज राज्य में 122 चीनी मिलें पूरी क्षमता के साथ चल रही हैं। किसानों को गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से समय पर भुगतान किया जा रहा है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के सपनों का हवाला देते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों, युवाओं और व्यापारियों को सुरक्षा व समृद्धि देने के लिए पूरी तरह समर्पित है। सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब किसी विशेष सिंडिकेट का प्रभाव खत्म हो चुका है और शामली व मुजफ्फरनगर के युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ उनका अधिकार मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर कांवड़ संघों और आम जनता से अनुशासन बनाए रखने की विशेष अपील की। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल खराब करने की कोशिश करता है, तो उसे तुरंत बाहर का रास्ता दिखाया जाना चाहिए। क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने घोषणा की कि शामली में राज्य का पहला एकीकृत निजी टेक्सटाइल पार्क बनने जा रहा है, जिससे लगभग 8000 स्थानीय युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर मिलेंगे।
इसके अतिरिक्त, कैराना में पीएसी की भव्य बटालियन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और गोरखपुर-शामली इकोनॉमिक कॉरिडोर के पूरा होने से यह क्षेत्र सीधे पूर्वी उत्तर प्रदेश और सिलीगुड़ी से जुड़ जाएगा। इस अवसर पर जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटिक, विधायक प्रसन्न कुमार, पूर्व मंत्री सुरेश राणा सहित कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Click : आषाढ़ में समृद्धि, कपि, ऊर्जा और समरस वन स्थापित करेगा वन विभाग, 18 जुलाई को हर विकास खंड में स्थापित होगा समृद्धि वन
What's Your Reaction?




