Sambhal News: हिंदी हमारी भाषा ही नहीं, संस्कृति और पहचान भी है: हिंदी दिवस पर छात्राओं में दिखा उत्साह
हिंदी दिवस के अवसर पर नवाब महमूद इंटर कॉलेज में हिंदी दिवस समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: हिंदी दिवस के अवसर पर नवाब महमूद इंटर कॉलेज में हिंदी दिवस समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हिंदी भाषा के प्रति अपने सम्मान को विभिन्न गतिविधियों और आकर्षक कार्डों के माध्यम से प्रदर्शित किया।
कॉलेज की प्रधानाचार्य हुरमा नसीम ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और पहचान है। हिंदी के सम्मान की भावना छात्राओं के भीतर जागृत करने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने शिक्षिकाओं, छात्राओं और देशवासियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी के साथ-साथ सभी भाषाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। कार्यक्रम संयोजक सईद अख्तर ने कहा कि हिंदी दिवस के मौके पर कॉलेज में छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने हिंदी से जुड़े संदेश लिखकर कार्ड तैयार किए। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था, जिसके बाद हर वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने छात्राओं से हिंदी विषय को गंभीरता से पढ़ने और अच्छे अंक हासिल करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर माता-पिता, गुरुजनों, शहर और कॉलेज का नाम रोशन करने की अपील की।
What's Your Reaction?







