Hardoi: सावन के प्रथम सोमवार को गंगा में डूबे दूसरे युवक का शव मेहंदीघाट से बरामद, गांव में पसरा मातम
सावन के प्रथम सोमवार (3 अगस्त) को गंगा नदी में स्नान के दौरान तेज धार में बहे दो युवकों में से दूसरे युवक का शव
अरवल (हरदोई)। सावन के प्रथम सोमवार (3 अगस्त) को गंगा नदी में स्नान के दौरान तेज धार में बहे दो युवकों में से दूसरे युवक का शव भी 12 दिन बाद बरामद कर लिया गया है। मेहंदीघाट पर मिले शव की शिनाख्त ऋषि के रूप में हुई है, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम चौंसार निवासी नारद और ऋषि 3 अगस्त को गंगा स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और नदी के तेज बहाव में बह गए थे। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम, अरवल थाना पुलिस और परिजन दोनों की लगातार तलाश कर रहे थे।
तलाश के दौरान बीते 6 अगस्त को नारद का शव बेरिया घाट के पास गंगा नदी से मिला था, जिसका पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था। वहीं दूसरे युवक ऋषि का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
शनिवार (15 अगस्त) को मेहंदीघाट पुलिस ने अरवल थाना पुलिस और ऋषि के परिजनों को एक अज्ञात शव मिलने की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त ऋषि के रूप में की।
अरवल थाना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को गांव चौंसार लाया जाएगा, जहां से अंतिम संस्कार के लिए कुसुम खोर गंगा घाट ले जाया जाएगा। दूसरे युवक का शव मिलने की खबर से परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?







