Sitapur : ईद-उल-फितर हर्षोल्लास के साथ मनाई गई, नमाज के बाद अमन-भाईचारे की दुआ मांगी
UttarPradesh, Sitapur, Eid ul Fitr, Eid prayer, Raja Ganpati, Ankur Agrawal, Eidgah, Mufti Abdul Rahman, Hajj Javed Ahmad, festival security
सीतापुर। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में ईद-उल-फितर का पावन त्योहार बड़ी अकीदत और खुशी के साथ मनाया गया। ईदगाहों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद मुल्क की तरक्की, अमन, चैन और भाईचारे के लिए दुआ मांगी गई। नगर के मोहल्ला ठठेरी टोला स्थित ईदगाह में भारी भीड़ जमा हुई। मुफ्ती अब्दुल रहमान ने नमाज अदा कराई। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ईद अच्छे काम करने, बुराई से दूर रहने, दूसरों के साथ अच्छा व्यवहार करने और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश देती है।
इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ईदगाह पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने पहले से ही चाक-चौबंद इंतजाम किए थे। पुलिस और पीएसी के जवान हर जगह मुस्तैद रहे। उप जिलाधिकारी आकांक्षा गौतम, क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार और कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह भारी पुलिस बल के साथ नगर और आसपास के इलाकों में पेट्रोलिंग करते दिखे। बिसवां गेट पर कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने मोर्चा संभाला। ईदगाह परिसर में पालिका परिषद अध्यक्ष हाजी जावेद अहमद ने शिविर लगाया। उन्होंने लोगों से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। उनके निर्देश पर नमाजियों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई गईं।
Also Click : Sambhal : सम्भल में ईद की नमाज के बाद विरोध प्रदर्शन, काली पट्टी बांधकर जताया गुस्सा
What's Your Reaction?









